ranchi@inext.co.in
RANCHI : राजधानी के अरगोड़ा इलाके से एक व्यवसायी को अगवा कर लिया गया है। अरगोड़ा चौक के समीप रहने वाले जूता-चप्पल व्यवसायी उदय ठाकुर के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामला सामने आने के बाद रांची पुलिस ने अपहृत व्यवसायी की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया है। हालांकि, पुलिस इस मामले में दो बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही उदय ठाकुर को बरामद कर लिया जाएगा।

क्या है मामला
पुलिस के अनुसार, उदय ठाकुर चप्पल-जूता का कारोबार करते हैं। एक अक्टूबर को वह अपने एक दोस्त मनीष के साथ रांची से बाहर कारोबार के काम से गए थे। पांच अक्टूबर को मनीष तो अपने घर लौट आया, मगर उदय नहीं लौटे। इस पर उदय के परिजन ने मनीष से उसके बारे में पूछा, मगर उसने कोई जवाब नहीं दिया।

जगह-जगह छापेमारी
इसके बाद परिजनों ने पांच अक्टूबर की शाम अरगोड़ा थाने में मामला दर्ज कराया। इधर मनीष से पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि वह साथ गया था। कुछ अन्य दोस्त भी थे, लेकिन उसे हंटरगंज में कार से उतार दिया गया था। पुलिस उसे अपने साथ लेकर उदय की तलाश कर रही है।

हंटरगांज से भी एक हिरासत में
पुलिस ने हंटरगंज से भी एक युवक को हिरासत में लिया है। उसकी निशानदेही पर जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। उक्त युवक ने अपहरण में शामिल कुछ लोगों और प्रयुक्त गाड़ी के बारे में जानकारी दी है। पुलिस इन तथ्यों की पुष्टि में जुटी हुई है।