RANCHI: रांची के अरगोड़ा से अपहृत दुकानदार उदय कुमार ठाकुर का शव 12 दिनों बाद बरामद किया गया है। शव चतरा जिले के हंटरगंज से मिला है। अरगोड़ा थाना पुलिस ने हंटरगंज थाना पुलिस की मदद से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है।

अफीम तस्करी में गबन है वजह

पुलिस ने हत्या के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी निशानदेही पर ही शव बरामद किया गया है। बताया जाता है कि जूता व्यवसायी उदय ठाकुर अफीम का बिजनेस करता था। उसके पास अफीम तस्करों के आठ लाख रुपए बकाया थे। अफीम तस्कर उससे पैसे की डिमांड करते थे, लेकिन वह टाल जाता था। पुलिस ने पूर्व में ही अपहरण के आरोप में चार युवकों को जेल भेज दिया है।

भाई ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी

भाई श्याम देव ठाकुर ने अरगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अपहरण का आरोप राजेश कुमार और छोटू पर लगाया गया था। यह भी बताया गया था कि उदय को गया के डोभी में रखे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने अपहरण के आरोप में चतरा के हंटरगंज निवासी मनीष व संजय सिंह, गया के चंदाडोभी निवासी मुन्ना कुमार उर्फ छोटू व चतरा के अमित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। केदली हंटरगंज निवासी राजेश कुमार तथा श्यामसुंदर अभी भी फरार हैं। उदय कुमार ठाकुर फुटपाथ पर जूता-चप्पल की दुकान चलाता था। वह दुकान का सामान लेने के लिए ही करीब एक महीने पहले कोलकाता निकला था, लेकिन नहीं लौटा।

आरोपियों ने अपहरण की बात कबूली

पुलिस की पूछताछ में जेल जाने से पूर्व आरोपियों ने अपहरण की बात कबूल ली थी। बताया कि उन्हें आशंका थी कि उदय के पास करीब एक से सवा लाख रुपए होंगे, जिसके लिए उनलोगों ने उदय को उठाया, लेकिन उसके पास केवल एक हजार रुपए ही मिले। उदय ने उन्हें बताया था कि उसने सामान खरीदने के एवज में ऑनलाइन भुगतान किया है।

दोस्त ने अपहरण की दी थी सूचना

उदय के भाई श्याम देव ठाकुर ने अरगोड़ा पुलिस को बताया था कि उनका भाई उदय अपने मित्र चतरा के हंटरगंज निवासी मनीष के साथ एक अक्टूबर को कोलकाता गया था। दो व तीन अक्टूबर को उदय का फोन नहीं लगा तो परिजन मनीष के नंबर पर बात किए। मनीष ने ही परिजनों को बताया कि वे लोग अभी कोलकाता में हैं और सामान खरीद रहे हैं। कुछ देर बाद मनीष का फोन भी बंद हो गया। इसके बाद मनीष रांची लौटा, लेकिन उसके साथ उदय नहीं था। पूछने पर मनीष ने ही बताया कि उदय का अपहरण हो गया है। उसे राजेश कुमार व छोटू ने अगवा किया है और डोभी में रखे हैं।