कहा, कानून व्यवस्था पर है सरकार की पूरी नजर

ALLAHABAD: मोदी सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने शनिवार को सरकार की उपलब्धियां गिनाई। कहा कि मोदी सरकार शहर से लेकर गांव तक विकास की रौशनी फैला रही है। अपराधिक घटनाओं पर कहा कि कानून व्यवस्था पर सरकार की विशेष नजर है। किसी भी अपराधी को नहीं बख्शा जाएगा। वह चाहे जितना रसूख वाला हो।

प्रसव और परिवर्तन पीड़ा में शहर

कहा कि इलाहाबाद शहर इन दिनों प्रसव पीड़ा और परिवर्तन पीड़ा के दौर से गुजर रहा है। इससे सभी खुश होते हैं। शहर का हाल भी कुछ ऐसा ही है। कुछ दिनों बाद जब समस्या दूर हो जाएगी तो पूरा शहर बदला नजर आएगा। उन्होंने कहा कि चार साल में देश विकास के पथ पर आगे बढ़ा है। भारत नव निर्माण के तहत देश के सौ शहरों को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करना था, जिसमें 99 शहर चयनित हो गए हैं। इलाहाबाद भी इसमें शामिल है। देश के पांच लाख 70 हजार 464 गांवों में विद्युतीकरण हुआ है। अक्षय ऊर्जा, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, रेलवे, रक्षा, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र में केंद्र सरकार ने बेहतर काम किया है। मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी, जिलाध्यक्ष गंगापार अमरनाथ तिवारी, यमुनापार शिवदत्त पटेल, कोरांव विधायक राजमणी कोल, महानगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, विधायक प्रवीण पटेल, पूर्व विधायक दीपक पटेल आदि मौजूद रहे।