छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र ट्ठ गोलमुरी थाना क्षेत्र के रिफ्यूजी कालोनी निवासी राजेश कंडा के घर में घुसकर चोरों ने गुरुवार-शुक्रवार की रात चार लाख के सोने के आभूषण के साथ साथ नगद 13 हजार रुपयों की चोरी कर ली। चोरी करने के बाद चोर पड़ोसी की छत पर जाकर आभूषणों को डिब्बों से निकाल कर खाली डिब्बे छत पर ही फेंक कर फरार हो गए। राजेश कंडा ने गोलमुरी थाना में अज्ञात के खिलाफ घर में घुसकर चोरी करने का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत की है।

गए थे नाइट ड्यूटी पर

मिली जानकारी के मुताबिक, राजेश कंडा गम्हरिया स्थित एक प्राइवेट कंपनी में नाईट ड्यूटी गए थे। घर में उनकी मां पत्नी व पिता थे। रात करीब 11 बजे तक सभी सो गए थे। सुबह पांच बजे जब राजेश की मां की आंख खुली तो देखा कि राजेश के बेडरुम में रखे अलमारी खुली हुई है। जब अलमारी का लॉकर देखा गया तो उसके अंदर रखे सोने के आभूषणों की चोरी हो चुकी थी।

मौके पर पहुंची पुलिस

शुक्रवार की सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर तुरंत गोलमुरी पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरु कर दी। पुलिस कुछ देर के अंतराल में दो बार घटनास्थल पहुंची और पड़ोसी की छत से बैग, आभूषण के डिब्बे व कुछ चांदी के कड़े पुलिस ने बरामद किया है।

बैग में रखे थे सभी जेवरात

आभूषण एक बैग में रखे थे। चोर बैग साहित आभूषण लेकर फरार हो गए और पड़ोस की छत पर जाकर आभूषण लेकर खाली डिब्बों को छोड़कर फरार हो गए। मकान के सारे दरवाजे बंद थे। लेकिन खिड़की खुली हुई थी। संभावना व्यक्त की जा रही है कि खिड़की के रास्ते ही चोर घर में प्रवेश कर गए और चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।

रिफ्यूजी कालोनी को चोर बना रहे अपना टारगेट

रिफ्यूजी कालोनी में अक्सर चोरी की घटनाएं घट रही है बावजूद इसके पुलिस की पेट्रोलिंग गश्ती इस क्षेत्र में प्रवेश तक नहीं करती। जिसके फायदा चोरों को मिलता है और वह दिन दहाड़े ही चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो रही है। राजेश कंडा के उक्त किराये के मकान में ही कुछ माह पहले दिन दहाड़े चोर घुस गए थे। लेकिन शोर मचाने पर वह भागने में सफल हो गए।