ALLAHABAD: भाजपा के उड़ान कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को शहर के तीनों विधानसभाओं में लक्ष्मी टाकीज चौराहा, मुट्ठीगंज बड़ा चौराहा और हनुमान वाटिका सुलेम सराय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने एलसीडी के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं को सुना और जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उप्र में महिलाओं का सम्मान बचाना है तो भाजपा सरकार को लाना होगा। कहा कि आजादी के सत्तर साल बाद भी महिला सशक्तिकरण के लिए जो कार्य होने थे अभी तक नही हुए। उन्होंने महिलाओं के लिए कराए जा रहे पीएम नरेंद्र मोदी की उज्जवला योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और गर्भवती महिलाओं को छह हजार दिए जाने की घोषणा की जमकर तारीफ की।

सपा पर साधा निशाना

उन्होंने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार के कार्यकाल में बहू बेटियों पर अत्याचार को प्रोत्साहित किया गया है। साथ ही उनका उपहास भी उड़ाया गया। जिसकी जानकारी इलेक्ट्रानिक चैनलों के माध्यम से मिलती रहती है। उन्होंने कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती का दलित उत्पीडन से कोई लेना देना नही है। आतंकवाद की घटना में उनके मुख से कोई भी देशहित का शब्द सुनाई नही पड़ता। उन्होंने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर कटाक्ष किया। साथ ही नोट बंदी के फैसले को राष्ट्र यज्ञ बताया। कार्यक्रम का दिशा निर्देशन महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता और संयोजिका शशि वाष्र्णेय रहीं। इस मौके पर गिरि शंकर प्रभारी, गणेश केसरवानी, अनीता सिंह, मनोज पांडेय, राजेश केसरवानी, राकेश जैन आदि उपस्थित रहे।