RANCHI: शहर वासियों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधा पर गाज गिर रही है। रांची में खुलने वाले चेन्नई अपोलो सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण कार्य सालों बाद भी अब तक शुरू नहीं हो पाया है। सूत्र बताते हैं कि अपोलो अस्पताल प्रबंधन अब राज्य में अस्पताल खोलने के पक्ष में नहीं है। प्रबंधन का मानना है कि जब जमीन हस्तांतरण करने के बाद इतने सालों में रास्ता हैंडओवर नहीं किया गया तो आगे अस्पताल को मिलने वाली सरकारी सहायता में भी काफी अड़चनें आ सकती हैं। विदित हो कि अगर अस्पताल नहीं खुलता तो लाखों लोगों को मिलने वाली नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधा पर गाज गिर सकती है।

रांची नगर निगम सालों से फेल

रांची नगर निगम के साथ टाईअप कर अस्पताल खोलने का प्लान बनाया गया है। लेकिन नगर निगम इस हॉस्पिटल निर्माण को लेकर थोड़ा भी सजग नहीं दिख रहा है। डोरंडा इलाके के घाघरा में बननेवाले चेन्नई अपोलो सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के लिए तीन साल पहले रांची नगर निगम ने दो एकड़ भूखंड टोकन मनी पर अस्पताल प्रबंधन को दी है। लेकिन अभी तक इसका निर्माण कार्य पूरा होना तो दूर, इसकी शुरुआत भी नहीं हो सकी है। रांची नगर निगम मामले में पूरी तरह फेल दिखाई दे रहा है।

क्या है अड़चन

अस्पताल खोलने के लिए 2 एकड़ जमीन का हस्तांतरण किया गया है, लेकिन पहुंच पथ मात्र 10 फीट रखा गया था। इसपर अस्पताल प्रबंधन ने पहुंच पथ को 100 फीट के करीब करने की मांग की, जिसके लिए 27 डिसमिल जमीन का अध्रिग्रहण किया जाना है। लेकिन नगर निगम इस जमीन को अध्रिग्रहित नहीं कर पा रहा है। अस्पताल का निर्माण कार्य कैसे संभव हो पाएगा यह जानकारी न तो निगम अधिकारियों के पास है न ही जनप्रतिनिधियों के पास।

मुफ्त चिकि त्सा सेवा देने में कोताही

चेन्नई अपोलो हॉस्पिटल बन जाने से राज्य के लोगों को मुफ्त चिकित्सा सुविधा प्राप्त होगी। साथ ही कई लोगों को प्रतिवर्ष बेहतर इलाज के लिए वेल्लोर या चेन्नई जैसे शहरों का रुख नहीं करना पड़ता। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।

वर्जन

चेन्नई अपोलो सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के लिए जमीन अध्रिग्रहण किया जा रहा है। कुछ रुकावटें हैं जिन्हें दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। राजधानी में बननेवाला यह हॉस्पिटल रांची नगर निगम का काफी अच्छा प्रोजेक्ट है। इसके बनने से शहर के लोगों को बेहतर इलाज मिलना संभव हो पाएगा। रैयत भी जागरूक हो गए हैं, बहुत जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा।

आशा लकड़ा, मेयर, रांची नगर निगम