JAMSHEDPUR: उपायुक्त अमित कुमार और वरीय आरक्षी अधीक्षक अनूप बिरथरे के नेतृत्व में जिला प्रशासन की पूरी टीम ने गुरुवार को छठ घाटों का निरीक्षण किया। दोमुहानी छठ घाट के निरीक्षण के दौरान नव निर्मित घाट की सीढि़यों की दशा देखकर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। संवेदक को नोटिस करने का निर्देश विशेष पदाधिकारी जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को दिया। वहीं स्वर्णरेखा घाट का निरीक्षण करते हुए घाट की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश भी उपायुक्त द्वारा जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी को दिया।

स्वर्णरेखा गांधी घाट के निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने मानगो अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी राजेंद्र गुप्ता को निर्देश दिया कि ज्यादा से ज्यादा सफाई कर्मचारियों को नियोजित किया जाए। बारीडीह छठ घाट को आदर्श छठ घाट बनाने का निर्देश उपायुक्त ने दिया। उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन की टीम सभी छठ घाटों का निरीक्षण कर रही है। जिला प्रशासन का यह प्रयास है की छठ व्रतधारियों को किसी प्रकार की कोई समस्या का सामना न करना पड़े। भगवान भास्कर की आराधना स्वच्छ और सुंदर वातावरण में करें। उपायुक्त ने बताया कि सभी छठ घाटों पर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की जाएगी। सहायता केंद्र के साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। चेंजिंग रूम की व्यवस्था अलग से की जाएगी। जिला प्रशासन ने जमशदेपुर के छह घाटों का सौंदर्यीकरण किया है। बारीडीह छठ घाट का जिला प्रशासन द्वारा कायाकल्प किया जा चुका है। छठ घाटों पर सूचना पट्ट के साथ ही पुलिस के जवान भी लोगों को बताने के लिए तैनात रहेंगे। सुरक्षा के सारे इंतजाम किए जाएंगे। बड़ी संख्या में गोताखोरों की तैनाती की जाएगी। निरीक्षण में एडीएम लॉ एंड ऑडर, डीएसपी सीसीआर, विशेष पदाधिकारी जमशेदपुर अक्षेस, एमएनएसी, जुगसलाई नगरपालिका, जन सम्पर्क पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।