-स्वच्छ सर्वेक्षण के बाद सफाई को भूल गया नगर निगम

-ज्यादातर इलाकों में डोर-टु-डोर कूड़ा कलेक्शन बंद

balaji.kesharwani@inext.co.in

ALLAHABAD: कुंभ मेला 2019 के लिए शहर को सजाया व संवारा जा रहा है। लेकिन शहर के 80 वार्डो की जिम्मेदारी संभाल रहा हरी-भरी सफाई व्यवस्था की लुटिया डुबो रहा है। शहर के सभी वार्डो में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन शुरू नहीं हो सका है। जिन इलाकों में हो रहा था, वहां भी इन दिनों कूड़ा कलेक्शन लगभग बंद है।

आधा कचरा शहर में हो रहा डंप

स्थिति ये है कि एक बार फिर पूरा शहर कचरा पेटी बन गया है। शहर के हर इलाके में जगह-जगह कचरे का ढेर दिखाई दे रहा है। सड़क हो या गली हर जगह सफाई व्यवस्था बस भगवान भरोसे है। कहने को तो शहर से पर डे निकलने वाला 600 मीट्रिक टन कचरा बसवार स्थित प्लांट पहुंच रहा है, लेकिन हकीकत ये है कि आधा से ज्यादा कचरा शहर की गलियों में डंप हो रहा है।

चेतावनी के बाद भी तेजी नहीं

हरी-भरी प्राइवेट लिमिटेड को सफाई की जिम्मेदारी संभाले तीन वर्ष से अधिक का समय बीत चुका है। लेकिन वह अभी तक शहर के सभी 80 वार्डो को कवर नहीं कर सका है। पार्षदों के हंगामा व विरोध के बाद भी हरी-भरी को दो से तीन बार चेतावनी के साथ समय दिया जा चुका है। लेकिन सुधार नहीं दिख रहा है।

निगम कर्मचारी भी हैं लापरवाह

हरी-भरी के कर्मचारी एक तरफ जहां डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन नहीं कर रहे हैं। वहीं नगर निगम के कर्मचारी भी कचरा उठाने में लापरवाही बरत रहे हैं। सड़कों के किनारे डस्टबिन भरे पडे़ हैं, लेकिन उन्हें खाली नहीं किया जा रहा है। महाराणा प्रताप चौराहा से बेली हॉस्पिटल की तरफ जाने वाली रोड पर सड़क किनारे जगह-जगह सीपी-डीपी पलटकर रख दिए गए हैं।

हमारे काटजू कॉलोनी में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन पिछले कई दिनों से पूरी तरह बंद है। इसकी वजह से घर का कचरा बाहर फेंकना मजबूरी है। सफाई कर्मचारी भी कभी-कभी ही आते हैं। अब ऐसे में सफाई व्यवस्था क्या होगी, बताने की जरूरत नहीं है।

-स्वप्निल सिंह

निवासी काटजू कॉलोनी

मुट्ठीगंज एरिया में पिछले कई महीने से हरी-भरी का डोर-टु-डोर कूड़ा कलेक्शन बंद है। यही नहीं सड़क व गलियों में डस्टबिन भी नहीं दिखाई देते हैं। इससे कचरा खंभों के किनारे फेंका जाता है।

-प्रतीक जायसवाल

मुट्ठीगंज

हरी-भरी के कर्मचारियों के न आने और कचरा न उठने के कारण जो कचरा डम्पिंग स्टेशन तक पहुंचना चाहिए, उसका 50 से 70 प्रतिशत कचरा नाले में बह जाता है। ऐसे में नाला जाम नहीं होगा तो क्या होगा।

-मोहम्मद आसिफ सिद्दीकी

बेली कॉलोनी

डोर-टु-डोर कूड़ा कलेक्शन वैसे तो पर डे होना चाहिए। लेकिन मम्फोर्डगंज में हरी-भरी के कर्मचारी सप्ताह में दो-तीन दिन ही आते हैं। इसकी वजह से कचरा घर के बाहर पड़ा रहता है।

-गणेश

मम्फोर्डगंज

डोर-टु-डोर कूड़ा कलेक्शन को लेकर जनता और सफाईकर्मी दोनों परेशान हैं। क्योंकि एक तरफ जहां कर्मचारियों के पर डे न आने से कचरा नहीं उठ पता है। वहीं लोगों द्वारा गीला कचरा के नाम पर नाली का कीचड़ डस्टबिन में डाल दिया जा रहा है।

-लव कुमार

काला डांडा

अशोक नगर में हरी-भरी का डोर-टु-डोरकूड़ा कलेक्शन हो रहा है, लेकिन बीच-बीच में अक्सर कर्मचारी गायब हो जाते हैं। जिससे काफी दिक्कत होती है।

-नीरा त्रिपाठी

पार्षद की भी सुनें

हरी-भरी को लेकर शिकायत लगातार बढ़ती चली जा रही है। मम्फोर्डगंज एरिया में भी सप्ताह में दो-तीन दिन ही कर्मचारी नजर आते हैं। इसे लेकर लोगों में जबर्दस्त आक्रोश है। कार्यकारिणी की मीटिंग में हरी-भरी को लेकर आवाज उठाई गई थी। लेकिन स्थिति नहीं सुधरी है।

-रतन दीक्षित

कार्यकारिणी उपाध्यक्ष एवं पार्षद

मम्फोर्डगंज

म्योराबाद एरिया में हरी-भरी का काम पूरी तरह फेल है। 5000 से अधिक मकानों से कूड़ा कलेक्शन के लिए सिर्फ एक गाड़ी लगाई गई है। कर्मचारी पर डे आते ही नहीं हैं। एक गाड़ी कितने घरों को कवर कर पाएगी।

जयेंद्र कुमार

पार्षद म्योराबाद

हरी-भरी की स्थिति बहुत खराब है। इसकी वजह से हमें लोगों की बात सुननी पड़ती है। क्योंकि कर्मचारियों के न आने पर पब्लिक हमसे शिकायत करती है। एक-दो गाड़ी लगी हुई है, जो सप्ताह में दो-तीन दिन ही दिखाई देती है। अक्सर गायब रहती है।

-नंद लाल

पार्षद यूनिवर्सिटी क्षेत्र

पूरा लूकरगंज एरिया इन दिनों समस्याओं से घिरा है। एक तरफ सीवर लाइन बिछाने के लिए हर गली व सड़क खोद कर छोड़ दी गई है। वहीं दूसरी तरफ सफाई व्यवस्था एकदम व‌र्स्ट हो गई है।

-रोचक दरबारी

पार्षद झूले लाल नगर