-अमेरिका और इजराइल के बाद भारत में ही दूसरे देश में घुसकर जवाब देने की क्षमता

-भगवान बिरसा को किया लाल किले से याद, मोदी को झारखंड से अपार स्नेह

धनबाद : सीएम रघुवर दास ने कहा कि आज का दिन झारखंड के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों का क्षण है। केंद्र सरकार ने सुशासन और विकास के चार साल पूरे किए। पीएम खासतौर पर झारखंड को तीस हजार करोड़ की परियोजनाओं को सौगात देने आए। राज्य की सवा तीन करोड़ की जनता की ओर से पीएम को बधाई। विकास की ताली बजाकर हम स्वागत करें। झारखंड की जनता ईश्वर से कामना करती है कि नरेंद्र मोदी दीर्घायु हों और देश की सेवा करते रहें। आप दलितों, गरीबों, आदिवासियों के लिए सोचते हैं। भगवान बिरसा का नाम आपने ही लाल किले से याद किया था। नरेंद्र मोदी के चार साल के कार्यकाल में देश की प्रतिष्ठा बढ़ी। आज देश को दुनिया नजरअंदाज नहीं कर सकती। अमेरिका और इजराइल के बाद भारत ही ऐसा देश है जो दुश्मन देश में घुसकर जवाब देना जानता है। सर्जिकल स्ट्राइक का उदाहरण आपके सामने है। देश के हर कोने में विकास की किरण पहुंची है। हम सबका साथ सबका विकास की सोच रखते हैं। राज्य में क्षेत्र संप्रदाय और वंश की राजनीति होती है। इसी धरती के शिक्षा के नाम पर बड़ा काम करनेवाले बिनोद बिहारी महतो ने जन्म लिया। उनके नाम पर हमारी सरकार ने विश्वविद्यालय खोला। जबकि उनके नाम पर राजनीति करनेवालों ने क्या किया सभी जानते हैं। प्रधानमंत्री झारखंड से बहुत स्नेह करते हैं। इसीलिए वे बिरसा की धरती पर आए हैं। उन्होंने अपने विजन को अमलीजामा पहनाकर पतरातू में पावर प्लांट खोला। 16 वर्ष से बंद खाद कारखाने का शिलान्यास कर अपना चुनाव के समय का वादा पूरा किया। झारखंड प्राकृतिक संसाधन से भरपूर है। हमारा राज्य देश ही नहीं विकसित दुनिया के राज्यों की श्रेणी में आपके मार्गदर्शन में खड़ा होगा। हमारी सरकार ने झारखंड के बच्चों के लिए 31000 स्कूलों में बेंच डेस्क और बिजली पहुंचाई। झारखंड सरकार ने तीस प्रतिशत रायल्टी को पानी की योजनाओं में खर्च किया है। पांच सौ की आबादी वाले आदिवासी गांव में फेलोशिप योजना लागू करेंगे। झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता विकास की राजनीति के साथ है। सीएम रघुवर दास के अलावा मंचासीन केंद्रीय मंत्री आरके सिंह, अश्रि्वनी चौबे, सुदर्शन भगत व सूबे के मंत्री अमर बाउरी, स्थानीय सांसद पीएन सिंह, विधायक फूलचंद मंडल आदि थे।