- डेढ़ घंटे तक बाह-बटेश्वर में रहेंगे मुख्यमंत्री

- आगमन की तैयारी में जुटे रहे अधिकारी व भाजपाई

आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजयेपी के अस्थि कलश विसर्जन कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बाह में आ रहे हैं। वे सुबह 10.30 बजे बटेश्वर पहुंचेंगे। सबसे पहले वे बटेश्वर मंदिर पहुंचकर दर्शन करेंगे। इसके बाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। उनके साथ कई मंत्रियों के आने का कार्यक्रम है। उनके आगमन को लेकर जिलाधिकारी और भाजपा नेता तैयारियों में दिन भर जुटे रहे।

बटेश्वर में ही करेंगे लेंड

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे हेलीकेप्टर से बटेश्वर पहुंचेंगे। जिलाधिकारी एनजी रवि कुमार अपने अधीनस्थों के साथ बटेश्वर पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों का जायजा लिया। हेलीपैड का जायजा लिया। मुख्यमंत्री घाटों का भी निरीक्षण करेंगे, जिसे देखते हुए घाटों को सजाया संभारा जा रहा है। इस दौरान जिलाधिकारी ने दिशा निर्देश दिए।

पैतृक निवास का भी करेंगे निरीक्षण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक निवास का निरीक्षण करेंगे। वहां के विकास का खींचा गया खाका पर मोहर भी लगाएगें। इसके साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश भी दे सकते हैं।

जनप्रतिनिधियों को देंगे आधे घंटे का समय

इस मौके पर मुख्यमंत्री जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ताओं को आधा घंटे का समय देंगे। वे भाजपा नेताओं के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा भी करेंगे। इसके साथ ही अधिकारियों की भी पाठशाला लगाई जानी है।

डेढ़ घंटे तक रहेंगे बाह में

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बटेश्वर में डेढ़ घंटे तक रहेंगे। वे बटेश्वर से सीधे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।