सुबह के समय नहीं उठ पाया शहर का आधा कचरा, वार्डो में नहीं पहुंची गाडि़यां

कमिश्नर ने कूड़ा गाडि़यों को काली पन्नी से ढक कर ले जाने का दिया निर्देश

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शहर को स्वच्छ बनाने और स्वच्छ वार्ड सर्वेक्षण में प्रयागराज को नंबर वन पर लाने के लिए शनिवार को शहरवासियों और अधिकारियों को जगाया। वहीं अगले ही दिन शहर का आधा से अधिक कचरा शहर की सडकों, गलियों के साथ ही कूड़ा अड्डा में ही पड़ा रह गया। क्योंकि सुबह के समय जिन गाडि़यों से कचरा उठना था, उन सभी गाडि़यों को जोन और वार्डो से हटाकर परेड ग्राउण्ड पहुंचा दिया गया था। वहां कमिश्नर डॉ। आशीष कुमार गोयल ने कचरा ढोने वाली गाडि़यों की परेड कराई।

परेड मैदान पहुंची गाडि़यां

स्वच्छता जागरुकता रैली का उद्घाटन करने से पहले नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शनिवार को जिम्मेदार अधिकारियों को अपने गिरेबां में झांकने की चेतावनी दी थी। नगर विकास मंत्री की ये चेतावनी अधिकारियों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। रविवार सुबह नगर निगम के सभी कर्मचारी और अधिकारी शहर को स्वच्छ बनाने के अभियान में जुटते, उसके पहले ही कमिश्नर का आदेश हुआ कि नगर निगम की सभी गाडि़यों को परेड मैदान में लाया जाया। इसमें ट्रैक्टर, डम्फर, जेसीबी आदि सभी गाडि़यां शामिल रहेंगी।

पर डे कराएं गाडि़यों की धुलाई

शहर के वार्डो की सफाई व्यवस्था और कचरा उठाने का काम छोड़ कर नगर निगम की सभी 250 से अधिक गाडि़यां सुबह 9.30 बजे तक परेड मैदान पहुंच गई। वहां कमिश्नर डॉ। आशीष कुमार गोयल ने नगर आयुक्त उज्जवल कुमार के साथ गाडि़यों का निरीक्षण किया। कमिश्नर ने कहा कि सफाई व्यवस्था में लगी सभी गाडि़यों की पर डे सफाई कराई जाए। वहीं वार्डो से निकले कचरे को ट्रैक्टर, डम्फर पर लाद कर खुले में न ले जाया जाए। काली पन्नी से ढक कर ही कचरे को बसवार प्लांट तक ले जाया जाए। इसकी व्यवस्था जल्द से जल्द कराई जाए। साथ ही नगर निगम की सभी गाडि़यों की पेंटिंग के साथ ही उस पर प्रयागराज लिखवाया जाए। सफाई में लगी गाडि़यों की परेड देखने के बाद कमिश्नर बसवार प्लांट पहुंचे। वहां उन्होंने कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया को देखा। हरी भरी के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्लांट में कूडे़ का निस्तारण तेजी के साथ किया जाय।