अपने संस्थान में गढ्डा खोद कर बनाएं कचरे का कम्पोस्ट

शहर में चिह्नित किए गए 100 बल्क वेस्ट जेनरेटर

ALLAHABAD: नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा शहर में 100 बल्क वेस्ट जेनरेटर्स चिह्नित किए गए हैं। इनमें कई स्कूल, होटल, हॉस्पिटल व बारात घर शामिल हैं। सोमवार को नगर निगम द्वारा बल्क वेस्ट जेनरेटर्स की कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सभी को इंदौर, भोपाल व मैसूर की तरह कचरे का निस्तारण करने का सुझाव दिया गया।

80 संस्थाओं के प्रतिनिधि आए

वर्कशॉप में करीब 80 बल्क वेस्ट जेनरेटर संस्थाओं के प्रतिनिधि पहुंचे थे। अध्यक्षता अपर नगर आयुक्त ऋतु सुहास ने की। बल्क वेस्ट जेनरेटर्स को बताया गया कि वे किस प्रकार शहर की साफ-सफाई में योगदान दे सकते हैं। थोक कचरा के निस्तारण के लिए इंदौर, भोपाल और मैसूर के तरीके को मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया गया। पॉवर प्वाइंट प्रजेंटेशन के जरिये लोगों को समझाया गया।

लग सकता है 50 हजार जुर्माना

कहा गया कि जो लोग कचरे में आग लगा कर उसका निस्तारण करते हैं, वे ऐसा करना बंद कर दें। इससे पर्यावरण पर असर पड़ता है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के तहत 50 हजार रुपये जुर्माना लग सकता है। वर्कशॉप में समाज सेवी संजीव त्रिपाठी व श्रीमती अर्चना त्रिपाठी स्वच्छता ब्रांड अम्बेसडर के रूप में मौजूद रहीं।