- अम्बेडकर पुल के पास नहाने गए थे बच्चे

आगरा। थाना एत्मादउद्दौला में तैनात दो सिपाही उन बच्चों के लिए किसी फरीश्ते से कम नहीं थे जिन्होने उन्हें यमुना में डूबने से बचा लिया। बच्चों की चीखने की आवाज सुन सिपाहियों ने जान की परवाह किए बिना यमुना में छलांग लगा दी। चार बच्चों को बाहर निकाला जिसमें एक को उपचार के लिए हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।

साथ में नहाने गए दोस्त

शनिवार की दोपहर 12 वर्षीय आरिफ, 8 वर्षीय साहिद पुत्रगण मोंटू निवासी यमुना ब्रिज एत्मादउद्दौला, 9 वर्षीय अप्पू पुत्र आमिर, 10 वर्षीय कासिम पुत्र कारुन निवासी घटिया आजम खां अम्बेडकर पुल यमुना में नहाने गए थे। नहाते-नहाते वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। डूबने पर बच्चों ने चीख-पुकान मचा दिया। मौके पर भीड़ जमा हो गई लेकिन कोई नदी में कूदने की हिम्मत नहीं कर सका।

सिपाहियों ने बच्चों को बचाया

उस दौरान सिपाही अमर प्रताप व सुखवीर सिंह चीता पर ड्यूटी करते हुए वहां पर पहुंचे। सिपाहियों ने बच्चों को डूबते देखा तो यमुना में छलांग लगा दी। कुछ देर में वह चारों को बाहर निकाल लाए। डूबने से आरिफ की हालत गंभीर हो गई। उसे उपचार के लिए हॉस्पिटल में एडमिट कराया जबकि तीनों अन्य बच्चे ठीक हैं। सिपाहियों का बच्चों के परिजनों ने धन्यवाद दिया है।