- दो दिन में लागू हो सकती है आचार संहिता

- शुक्रवार को जारी होगी फूलपुर की मतदाता सूची, एलर्ट हो गया प्रशासन

ALLAHABAD:

फूलपुर उपचुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। दो दिन के भीतर लोकसभा क्षेत्र में आचार संहिता लागू हो सकती है। प्रबल संभावना शुक्रवार की है। आज ही यहां की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होने जा रहा है। जिसको लेकर दिनभर प्रशासन माथापच्ची करता रहा। अधिसूचना को देखते हुए अधिकारी भी एलर्ट हो गए हैं। इस लोकसभा एरिया में चुनाव होने तक कोई नया कार्य भी शुरू नही हो सकेगा।

बढ़ गए 61 हजार वोटर्स

पिछले एक माह तक चले मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान फूलपुर लोकसभा में कुल 61 हजार नए मतदाताओं को जोड़ा गया है। फिलहाल यहां अभी तक 19.35 लाख वोटर्स हैं। इस लोकसभा में कुल पांच विधानसभा फूलपुर, फाफामऊ, सोरांव, शहर उत्तरी व शहर पश्चिमी को शामिल किया गया है। वर्तमान में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 2014 आम चुनाव में इस लोकसभा से चुने गए थे। उनके प्रदेश सरकार में शामिल होने के बाद यह कुर्सी खाली पड़ी है। जिसके लिए चुनाव मार्च में होने की पूरी उम्मीद व्यक्त की जा रही है।

तीसरी बार होने जा रहा उपचुनाव

वर्ष 1952 से अब तक इस सीट पर 18 बार चुनाव हो चुके हैं। जिसमें से दो बार उपचुनाव भी हुए हैं। यह तीसरी बार होगा जब पांच साल कार्यकाल पूरा होने से पहले नए सांसद को चुना जाएगा। सर्वप्रथम इस सीट से देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को चुना गया था। वहां यहां से तीन बार जीत चुके हैं। अंतिम चुनाव भाजपा के केशव प्रसाद मौर्य ने जीता था। हालांकि 2019 में पुन: लोकसभा चुनाव होने वाला है, इसलिए चुना गया सांसद महज एक साल सीट पर बैठ सकेगा।

पाइप लाइन में फंस जाएंगे कई काम

कुंभ से जुड़े कई विकास कार्य इस लोकसभा में हो रहे हैं और कुछ की शुरुआत होनी है। आचार संहिता को देखते हुए फटाफट परेड ग्राउंड में शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन कर फाफामऊ पुल की शुरुआत करा दी गई। हालांकि, कुछ काम अभी पाइप लाइन में हैं। अगर आचार संहिता लागू हो गई तो यह काम चुनाव होने के बाद ही शुरू हो सकेंगे। प्रशासनिक अधिकारी भी चुनाव को लेकर काफी एलर्ट हो गए हैं।

वर्जन

आचार संहिता को लेकर अभी मेरे पास कोई आदेश नही आया है। शुक्रवार को मतदाता सूची का प्रकाशन होने जा रहा है। हालांकि प्रशासन सतर्क है और अपनी तैयारियां कर रहा है।

महेंद्र कुमार राय, एडीएम ई व उप जिला निर्वाचन अधिकारी