- रुनकता में सनसनीखेज घटना, दोनों के शव बेड पर पड़े मिले

- युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी, बेटे ने किया सुसाइड का प्रयास

आगरा। थाना सिकंदरा के रुनकता में युवती की हत्याकर अधेड़ ने खुद को गोली मार ली। शुक्रवार सुबह दूध विक्रेता के पहुंचने पर दरवाजा नहीं खुलने से घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो दोनों के शव बेड पर पड़े हुए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अब तक युवती की पहचान नहीं हो सकी है।

छोड़ दिया था घर

गांव लखनपुर निवासी 52 वर्षीय राजेंद्र की पत्नी की 20 साल पहले मौत हो चुकी है। वह गांव में अपने चार बेटे वीरपाल, हरपाल, सत्यपाल, लोकेश के साथ रहता था। ग्रामीणों ने बताया कि वह एक शू कंपनी में सुपरवाइजर था। बाद में कंपनी बंद हो गई। एक साल पहले उसने अपना घर छोड़ दिया। वह घर की तरफ तो जाता था, लेकिन घर में न जाकर इधर-उधर बैठकर चला जाता था। दो साल पहले उसने अपनी करीब 10 बीघा जमीन व अन्य प्लॉट बेच दिए। उसने घर पर कुछ भी नहीं दिया। तीन महीने से उसने घर बिल्कुल छोड़ दिया। वह गायब था। परिवार उसकी तलाश कर रहा था। लेकिन उसकी फोन से बात होती रहती थी। बेटों को नहीं पता था कि वह कहां रह रहा है।

तीन महीने से किराए पर रहा था

लोगों ने बताया कि राजेंद्र यहां पर अलीम के मकान में पिछले तीन महीने से किराए पर रहा रहा था। लेकिन, कभी किसी ने युवती को उसके साथ नहीं देखा। कस्बे के लोगों ने बताया कि गुरुवार रात को वह करीब 22 वर्षीय युवती को लेकर आया था। इसके बाद वह कमरे में चला गया। राजेंद्र पड़ोस से दूध लेता था, लेकिन शुक्रवार को वह दूध लेने नहीं पहुंचा। दूध विक्रेता कमरे पर दूध देने गया। उसने दरवाजे पर दस्तक दी, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद आवाज दी। दरवाजा फिर भी नहीं खुला। इंस्पेक्टर थाना सिकंदरा अजय कौशल के मुताबिक मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव निकाले।

बेटे ने किया सुसाइड का प्रयास

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके पर मृतक के बेटे पहुंच गए। युवती की पहचान कोई नहीं कर पाया। बेटे लोकेश को जब पता चला तो उसने लखनपुर घर में सुसाइड का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने उसे रोक दिया।

उलझी हुई है मौत की गुत्थी

युवती राजेंद्र के साथ क्यों आई थी, ये किसी को नहीं पता। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का होने की आशंका बन रही है, लेकिन पुलिस ने कुछ स्पष्ट नहीं किया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।

पहले युवती को मारी गोली

रिवॉल्वर राजेंद्र के हाथ में था। माना जा रहा है कि पहले उसने युवती के गोली मारी। इसके बाद खुद को गोली मारी। रिवॉल्वर लाइसेंसी है। दोनों की कनपटी पर गोली लगी है। पुलिस के मुताबिक राजेंद्र के पास करोड़ों की सम्पत्ति थी, जो उसने बेच दी।