PATNA : शादी का मौका था और दूल्हन को सजाया जा रहा था। शहनाई की गूंज घर की खुशियों में चार चांद लगा रही थी। खुशियों की बेला में फिल्म की तरह एक विलेन की इंट्री हुई और गोलियों की आवाज के बाद चीख पुकार मच गई। खून से लथपथ दूल्हे को देख हर कोई सन्न रह गया। यह सब कैसे हो गया किसी को पता ही नहीं चल सका। ऊपर वाले का शुक्र था कि गोलियां लगने के बाद भी दूल्हे की जान बच गई। इस घटना को पटना में एक सिरफिरे आशिक ने अंजाम दिया क्योंकि वह नहीं चाहता था कि उसकी प्रेमिका की शादी किसी और से हो। पुलिस ने घटना का जो खुलासा किया है उसे जान आप भी हैरान हो जाएंगे।

दिमाग में चढ़ा था इश्क का भूत

दूल्हे को गोली मारने वाले सिरफिरे आशिक का नाम राजकुमार उर्फ छोटू है। दूल्हे पर उसने एक-दो नहीं, बल्कि 6 राउंड फायरिंग की थी। इसमें 4 गोली दूल्हे को लग गी। मामला बेउर थाना एरिया का है। दूल्ह अमित कुमार झारखंड में बिजली विभाग में इंजीनियर है। बेउर के मगध कॉलोनी की रहने वाली एक लड़की से इसकी शादी तय हुई थी। लड़की पटना के ही जेडी वीमेंस कॉलेज की स्टूडेंट रह चुकी है। हसनपुरा रोड स्थित एक मैरेज हॉल में आयोजन था। बारात घूमने के बाद जब मैरेज हॉल के द्वार पर पहुंची तो इस दौरान घटना हो गई।

 

फिल्मी अंदाज में मारी गोली

बारात के मैरिज हाल पहुंचने के बाद गेट पर ही दूल्हे से डांस कराने लगे। फिर दूल्हा वापस अपनी गाड़ी में जाकर बैठ गया। इस बीच फिल्मी स्टाइल में सिरफिरा आशिक राजकुमार हथियार लेकर आया और खुद से कार का गेट खोल दूल्हे के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।


दुल्हन का रोल भी खतरनाक

इस घटना में उस समय बड़ा मोड़ आया जब पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पता चला कि लड़की भी इस खेल में शामिल थी। घटना के बाद राजकुमार फरार हो चुका था। बाद में पुलिस ने दूल्हे का बयान लिया तो पता चला कि शादी तोड़ने के लिए उससे कई अलग-अलग नंबर से धमकी दी गई थी। पड़ताल में पोल खुल गई। जब पुलिस ने जांच की तो पता चला कि दूल्हे पर जानलेवा हमला करवाने के पीछे लड़की ने भी राजकुमार की मदद की थी। लड़की इस पूरे खेल में शामिल है। आने वाले समय में ठोस सबूतों के आधार पर पुलिस लड़की को भी गिरफ्तार कर सकती है।