- खोराबार, फोरलेन पर हत्या कर फेंकी गई थी डेड बॉडी

- नर्तक की पहचान कराने की कोशिश में जुटी है पुलिस

GORAKHPUR: खोराबार एरिया के फोरलेन पर बसडीला के पास हाइवे पर नर्तक की हत्या ढाबा मालिक के बेटे ने गोली मारकर की थी। अवैध रिश्ते को लेकर हुए विवाद में युवक ने नर्तक को गोली मार दी। गुरुवार सुबह आरोपित को अरेस्ट करके पुलिस ने तमंचा और कारतूस बरामद किया। एसपी सिटी ने बताया कि नर्तक की पहचान नहीं हो सकी है। वह कुछ दिनों से उसी ढाबे के आसपास एक्टिव था। हालांकि पुलिस ने दावा किया है कि नर्तक माहौल खराब कर रहा था। ढाबा संचालक के बेटे ने उसे ढाबा पर आने से मना किया था। इसी विवाद में उसकी जान गई।

अश्लील हरकतों से हो रही थी बदनामी

बसडीला के समीप फोरलेन पर विष्णु ढाबा के पास एक नर्तक की डेड बॉडी मिली। उसके सिर में गोली मारकर हत्या की गई थी। अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके पुलिस छानबीन में जुटी थी। तभी पुलिस को जानकारी मिली कि महिलाओं के वेष में एक युवक रोजाना शाम ढलते ढाबा पर आ जाता था। वह टार्च जलाकर ट्रक वालों को रोकता था। फिर उनके साथ अश्लील हरकतें करता था। ट्रक रुकने से ड्राइवर और खलासी ढाबा पर खाना भी खाने लगे। लेकिन ढाबा मालिक बसडीला निवासी ओम प्रकाश के बेटे राजू को नर्तक की हरकतें नागवार लगने लगी। उसने नर्तक को कई बार ढाबा पर आने से मना किया। इस दौरान वह एक महिला के करीब भी आने लगा। इससे ढाबा मालिक के बेटे की नाराजगी बढ़ती चली गई।

विवाद पर मारी गोली

काफी मना करने पर भी जब नर्तक नहीं माना तो बात बिगड़ने लगी। राजू के मना करने रक नर्तक बार-बार ढाबा मालिक से शिकायत कर देता था। इसी बात को लेकर 29 जनवरी की रात राजू और नर्तक में नोकझोंक हुई। तभी नर्तक ने राजू के दोनों पैर पकड़ लिए। गुस्साए राजू ने तमंचा निकालकर उसके सिर में गोली मार दी। फिर डेड बॉडी को वहां फेंककर अपने काम में बिजी हो गया। पुलिस का कहना है कि नर्तक कौन है, वह कहां से ढाबे पर पहुंचता था, इस बात की जानकारी नहीं मिल सकी है। डेड बॉडी मिलने के बाद से जगदीशपुर चौकी प्रभारी को घटना के पर्दाफाश की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। करीब एक हफ्ते की छानबीन में यह जानकारी मिली कि रोजाना शाम ढलते ही नर्तक ढाबे पर पहुंच जाता था। नर्तक की पहचान के लिए आसपास के जिले से मदद मांगी गई है।

वर्जन

नर्तक की पहचान नहीं हो सकी है। लेकिन हत्या का पर्दाफाश कर लिया गया है। उसकी अश्लील हरकतों से तंग आकर ढाबा मालिक के बेटे ने तमंचे से गोली मार दी थी।

- विनय कुमार सिंह, एसपी सिटी