पूरी तरह खाली थी जेब, नहीं हो सकी शिनाख्त

PRAYAGRAJ: युवक की हत्या कर शव को सोरांव के राजापुर मल्हुआ नहर की पटरी पर फेंक कर कातिल फरार हो गए। उसके गले पर निशान थे। इससे गला घोंट कर उसकी हत्या के कयास लगाए जा रहे हैं। युवक की जेब बिल्कुल खाली थी। पांव में स्लीपर तक नहीं थी। इससे अनुमान लगए जा रहे हैं कि सोते समय उसकी हत्या की गई होगी। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त की कोशिश की। काफी प्रयास के बावजूद उसकी पहचान नहीं हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।

स्लीपर तक नहीं थी पैर में

नहर की तरफ शनिवार सुबह शौच के लिए गए लोगों ने पटरी पर युवक का शव देखा। जिस जगह शव फेंका गया था वह सोरांव थाने से दो किलो मीटर दूर है। युवक की उम्र तकरीबन 22 वर्ष आंकी गई। खबर सुनते ही मौके पर ग्रामीण जुट गए। पहचान नहीं हुई तो लोगों ने खबर पुलिस को दी। पुलिस ने मृतक के जेब की तलाशी ली तो वह खाली मिली। पांच में स्लीपर तक नहीं थी। गले पर काले रंग के निशान थे। इससे गला घोंट कर कत्ल का अनुमान लगाया गया।

सभी थानों को इत्तला कर दी गई है। शव को अज्ञात में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सुरेंद्रनाथ, एसओ सोरांव