- सपा की मंडलीय रैली में प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव समेत सभी ने नोटबंदी के खिलाफ जमकर हल्ला बोला

BAREILLY: वेडनसडे को जीआईसी में आयोजित सपा की मंडलीय रैली में सपा प्रदेश अध्यक्ष, मंत्री गायत्री प्रजापति व अन्य स्थानीय नेताओं ने नोटबंदी के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। शिवपाल ने कहा कि पीएम ने नोटबंदी कर जनता में भय पैदा किया है। नोटबंदी की वजह से बरेली में उद्योग और व्यापार पूरी तरह से ठंडा हो गया है। मंच पर मंत्री अंबिका चौधरी, सांसद धर्मेद्र यादव, सांसद मिथलेश कुमार, मेयर डॉक्टर आईएस तोमर, महानगर अध्यक्ष जफर बेग व अन्य नेता भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने मंच से अपनी बात नहीं रखी।

नोटबंदी से गरीब मर रहा है

रैली में शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि रैली में जितने लोग अंदर हैं उतने ही बाहर हैं। जब-जब सपा की सरकार बनती है तब-तब विकास का काम होता है। सपा में किसान, व्यापारी, नौजवान और मुसलमानों की बात होती है। सपा सरकार में ही उन्हें न्याय मिलता है। शिवपाल ने कहा कि नोटबंदी की वजह से देश का गरीब मर रहा है। पीएम कहते हैं कि भारत बदल रहा है, लेकिन देखा जाए तो जनता मर रही है।

नेताजी गरीब के दिलों में रहते हैं

मंत्री गायत्री प्रजापति ने कहा कि, नेताजी गरीब के दिलों में रहते हैं। नेताजी हमेशा गरीब किसानों के चेहरे पर मुस्कान लाने की सोचते हैं। सपा ने हर जरूरतमंद को रोटी, कपड़ा और मकान दिया है। यूपी की जनता मोदी व बीजेपी से परेशान है। वर्ष 2019 में मुलायम सिंह को पीएम बनाना है।

मुलायम सिंह आर्थिक आजादी के नेता हैं

रैली में पहुंचे यूपी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने कहा कि मुलायम सिंह यादव आर्थिक आजादी के नेता हैं। मोदी ने देश में आर्थिक इमरजेंसी लगाई है। नवाबगंज के विधायक और पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार ने कहा कि मोदी जनता को सिर्फ ख्वाब दिखाने का काम करते हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान बोला था कि 100 दिन में अच्छे दिन आएंगे। लेकिन 900 दिन होने के बावजूद उन्होंने एक भी काम नहीं किया । लेकिन मुलायम व शिवपाल के नेतृत्व में अखिलेश ने कई काम किए हैं। इस बार सपा बरेली से 9 में 9 सीटें जीतेगी।

आपको सुसाइड कर लेना चाहिए

पीलीभीत से विधायक हेमराज वर्मा ने कहा कि पीएम बुलेट ट्रेन लाने की बात करते हैं, लेकिन हुआ कुछ नहीं है। सीएम ने एक्सप्रेस वे पर फाइटर प्लेन उतार दिया और लखनऊ में मेट्रो चालू करा दी है। मोदी सरकार ने पहले चोरों को 40 परसेंट जमा कर 60 परसेंट वापस करने का काम किया और अब 50 परसेंट वापस कर रहे हैं। पीएम को सुसाइड कर लेना चाहिए या कुर्सी छोड़ देनी चाहिए।

मोदी क्या जाने नारी का सम्मान

यूपी की वीमेन वेलफेयर कॉरपोरेशन की चेयरपर्सन गीता सिंह ने पीएम पर हमला बोलते हुए कहा कि, मोदी क्या जानें कि नारी का सम्मान क्या होता है। मोदी ने नहीं उनकी पत्‍‌नी ने त्याग किया है। पत्‍‌नी बेवा बनकर रह रही हैं। यहीं नहीं, मोदी ने रुपयों के लिए अपनी मां को भी लाइन में लगवा दिया। पीएम सिर्फ शो ऑफ करते हैं। जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। आंवला के पूर्व विधायक महिपाल सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस इमरजेंसी में चली गई और मोदी की सरकार नोटबंदी में चली जाएगी।

सांस्कृतिक मंच पर कर लिया कब्जा

कई कार्यकर्ता महिलाओं की रो में जाकर बैठ गए। मंत्री हाजी रियाज को उन्हें हटाना पड़ा। वहीं कई कार्यकर्ता मीडिया गैलरी में घुस गए। इसके अलावा सांस्कृतिक मंच पर भी लोगों ने कब्जा कर लिया। जिससे कलाकारों को काफी असहजता हुई। मुलायम सिंह यादव के जाने के बाद मेन मंच पर काफी लोग इकट्ठा हो गए और खुद को नेता की तरह पेश करते हुए सेल्फी लेते नजर आए। इसके अलावा वहां रखे सभी गुलदस्ते भी लेकर चलते बने।