बुधवार को मिले चार नए मरीज, बारिश थमते ही मरीजों की संख्या में आई तेजी

ALLAHABAD: बारिश कम होते ही डेंगू ने पैर पसारना शुरू कर दिया है। इलाहाबाद में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। बुधवार को चार नए मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। अधिकारियों ने तत्काल दवा का छिड़काव व फागिंग के आदेश दिए। इस साल जबरदस्त बारिश की वजह से डेंगू के मामले बढ़ने के आसार नजर आ रहे हैं।

एक मरीज पीजीआई रेफर

मेडिकल कॉलेज की लैब ने जांच रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि की कि बुधवार को चार नए मरीज सामने आए हैं। इनमें से राजापुर के 04 साल के वेदांत को पीजीआई रेफर किया गया है। एमजी मार्ग सिविल लाइंस के नीलाभ सिंह, पुराना कटरा के मो। सलीम और सुलेम सराय की सुरीला देवी में डेंगू की पुष्टि हुई है। सभी का इलाज अलग-अलग हॉस्पिटल में चल रहा है।

शहर के मरीजों की संख्या अधिक

जानकारी के मुताबिक कुल 42 मरीजों में शहर के 28 और 14 मरीज दूसरे जिलों के हैं। सभी की जांच शहर में हुई है। अधिकारियों का कहना है आसपास के जिलों के मरीज भी इलाहाबाद में इलाज कराने आते हैं। साथ ही वे मरीज भी यहीं आते हैं जो बाहर कमाने के दौरान बीमार पड़ने पर घर लौट आते हैं। इसी वजह से मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।

डेंगू पर रोकथाम के पूरे उपाय किए जा रहे हैं। जो मरीज दूसरे जिलों से आए हैं, उनकी संख्या 14 है। मरीजों के पते पर दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। लोगों में जागरुकता का संचार हो रहा है।

केपी द्विवेदी, जिला मलेरिया अधिकारी, इलाहाबाद