RANCHI: राजधानी में डेंगू का कहर थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। आए दिन मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने आंखें मूंद रखी है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रिम्स का आइसोलेशन वार्ड मरीजों से फुल पड़ा है। वहीं रिम्स के आइसोलेशन वार्ड में 12 सस्पेक्टेड मरीजों का इलाज चल रहा है। टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल पाएगा कि उन्हें डेंगू है या नहीं। वहीं छह मरीजों में डेंगू की पुष्टि होने के बाद उनका इलाज जारी है। चिकनगुनिया के भी दो मरीज वहीं पर अपना इलाज करा रहे हैं। इतना ही नहीं, एक हफ्ते पहले दर्जनों मरीज मिलने के बाद भी कैंप लगाने का काम शुरू नहीं हो पाया है।

सिटी में 150 से अधिक मरीज मिले थे

एक महीने पहले ही राजधानी में डेंगू-चिकनगुनिया ने कहर बरपाया था। उस दौरान चिकनगुनिया के मरीज काफी संख्या में मिले थे। जबकि डेंगू के मरीजों का आंकड़ा भी सौ के पार चला गया था। अब नए मरीजों के मिलने के बाद यह आंकड़ा 150 के पार पहुंच जाएगा। इलाज करा रहे मरीजों को में कुछ लोग घूमने के लिए बाहर गए हुए थे। वहीं कुछ मरीज रांची के ही है। ऐसे में अब लोगों को डर सता रहा है कि कहीं डेंगू एकबार फिर लोगों को अपनी चपेट में न ले ले।