लगातार बढ़ रहे डेंगू के मरीज, प्रयागराज के शहर पश्चिम में अधिक प्रकोप

ALLAHABAD: नवंबर की शुरुआत में ही डेंगू ने उत्पात मचा रखा है। अब तक इसके केसेज की संख्या 500 के पार हो चुकी है। मंगलवार को सात नए केसेज सामने आने के बाद अधिकारियों के कान खड़े हो गए हैं। बावजूद इसके शहर में अभी भी फागिंग का अता-पता नहीं चल रहा है। अगर जल्द रोक नही लगी तो डेंगू के मरीजों की संख्या बहुत अधिक हो सकती है।

अब मौसम बदलने का इंतजार

डेंगू पर लगाम लगाने की स्वास्थ्य विभाग की सभी कोशिशें कमतर साबित हो रही हैं। हालात यह है कि अब अधिकरी मौसम बदलने का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि तापमान गिरने के बाद मच्छर सर्वाइव नहीं कर पाएंगे और डेंगू पर अपने आप रोक लग जाएगी। बता दें कि एक निश्चित तापमान के नीचे लार्वा पनप नहीं पाते हैं। मंगलवार को सात नए मामले सामने आए हैं।

शहर पश्चिम और कछार में अधिक

सबसे अधिक मामले शहर पश्चिम के मुंडेरा एरिया में सामने आ रहे हैं। इसके अलावा धूमनगंज और सुलेम सराय में भी नए मरीजों के सामने आने से हड़कंप मचा हुआ है। राजापुर, रसूलाबाद, दारागंज, नैनी, झूंसी, करेली आदि के कछार में भी लोग मच्छरों के प्रकोप से परेशान हो रहे हैं। यहां से हॉस्पिटल पहुंचने वाले केसेज की ंसख्या भी कम नहीं है।

सफेद हाथी हो गई फॉगिंग

नगर निगम को शहर में फॉगिंग का जिम्मा दिया गया है। लेकिन यह सफेद हाथी साबित हो रही है। अधिकतर एरिया में कागजों पर फॉगिंग हो रही है लेकिन असलियत में मशीन नजर नहीं आ रही। पिछले दिनों दबाव बनने के बाद निगम ने कुछ इलाकों में जरूर फॉगिंग कराई थी लेकिन इसके बाद से उनका अभियान ठंडा पड़ा हुआ है। एंटी लार्वा स्प्रे भी भली प्रकार से नहीं किए जाने का आरोप स्वास्थ्य विभाग पर लगाया जा रहा है।

वर्जन

डेंगू के मरीजों की संख्या 500 पार हो चुकी है। इस समय कुल 524 मरीज रजिस्टर्ड हैं। सात नए मरीज आए हैं। हमारी ओर से मरीजों का फॉलोअप लगातार किया जा रहा है।

-डॉ। आशु पांडेय, नोडल अधिकारी व स्वास्थ्य विभाग प्रयागराज