-सतर्कता विभाग की जांच में सुधीर कुमार कनौजिया के पास आय से अधिक संपत्ति मिली, कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज

-पद का दुरुपयोग कर गलत तरीके से संपति बनाने का आरोप, पूछताछ में नहीं दे पाए आय के श्रोत की जानकारी

>kanpur@inext.co.in

KANPUR : यूपीएसआईडीसी और भ्रष्टाचार का पुराना नाता रहा है। नए मामला यहां के उप प्रबंधक सुधीर कुमार कनौजिया का है। सुधीर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में फंस गए हैं। उन पर गलत तरीके से आय से अधिक संपत्ति अर्जित कर उसे खर्च करने का आरोप है। सतर्कता विभाग ने जांच में आरोप सही पाए जाने पर उनके खिलाफ कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट करा दी है। इंस्पेक्टर का कहना है कि जांच में और भी तथ्य सामने आएंगे।

कहां से खर्च किए 2.0 करोड़?

लखनपुर में उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (यूपीएसआईडीसी) अब यूपीडा का कार्यालय है। जिसमें जाजमऊ निवासी सुधीर कुमार कनौजिया उप प्रबंधक हैं। उनके खिलाफ लगातार शिकायत मिलने पर सतर्कता विभाग की टीम जांच कर रही थी। जिसकी अगुवाई इंस्पेक्टर सिंकदर खां कर रहे थे। जांच में पता चला कि सुधीर कुमार ने 2 करोड़ 10 लाख रुपये की संपति अवैध तरीके से कमाई। सतर्कता विभाग ने सुधीर से आय के श्रोत की जानकारी की तो वह 27 लाख 55 हजार 710 रुपये के बारे में ही जानकारी नहीं दे पाए। यह रकम सुधीर कुमार खर्च कर चुके थे। टीम को जांच में पता चला कि यह रकम उन्होंने पद का दुरुपयोग कर और अवैध तरीके से कमाई है। जिसे संज्ञान में लेकर इंस्पेक्टर सिंकदर खां ने सुधीर कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इससे सुधीर कुमार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इंस्पेक्टर सिकंदर खां का कहना है कि जांच में और भी तथ्य सामने आएंगे।