- एसपी क्राइम से शिकायत, जांच शुरू की गई

ALLAHABAD:

धूमनगंज की विष्णुपुरी कालोनी में खरीदारों को प्लाट न मिलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस कालोनी के कर्ताधर्ता सिराथू के सपा विधायक वाचस्पति हैं। आरोप है कि जो जमीन लोगों ने खरीदी, उस पर आबिद प्रधान ने कब्जा जमा रखा है। प्लॉट पर काबिज न हो पाने पर लोगों ने शनिवार को एसपी क्राइम से शिकायत की। इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है।

70 लोगों को नहीं मिला कब्जा

विष्णुपुरी कालोनी में प्लॉट खरीदने वाले 70 लोगों को आजतक कब्जा नहीं मिल सका है। खरीदार अरुण कुमार सिंह, नीलम सिंह, चिरौंजी देवी, नीतू सिंह, पूनम सिंह, सुनीता सिंह, सुषमा सिंह, निमिशा सिंह, सविता सिंह, कुसुमा देवी, प्रियंका देवी आदि शनिवार को एसपी क्राइम रमाकांत प्रसाद के पास पहुंचे। बताया कि उन्होंने जमीन 2009 में खरीदी थी। विधायक वाचस्पति के मुनीम रामजनम सिंह ने खरीदारों को भूमि का बैनामा किया। इसी जमीन पर मरियाडीह के ग्राम प्रधान आबिद ने जबरन कब्जा जमा लिया। विधायक लोगों को आश्वासन देकर टरकाते रहे। आरोप है कि अब उन्होंने हाथ खड़े कर दिए हैं। दबाव बनाने पर खरीदारों को धमकी भी दी गई। शनिवार को खरीदारों के परिजन एसपी क्राइम रमाकांत प्रसाद के पास पहुंचे। पहले खरीदारों के रिश्तेदार पहुंचे थे। रिश्तेदारों को लौटा दिया गया था। कहा गया था कि असली खरीदारों के ही बयान लिए जाएंगे। अब शिकायत के आधार पर मामला जांच के लिए क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है।

इस मामले से मेरा कोई लेनादेना नहीं। खरीदारों को कब्जा दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। 10 अप्रैल तक इस मामले का हल निकाल लिया जाएगा।

वाचस्पति, विधायक सिराथू