घटना गुरुवार देर रात की
ranchi@inext.co.in
RANCHI : एक पिता को शराब पीने से मना करने की कीमत उसी की बेटी को जान देकर चुकानी पड़ी है। निर्दयी पिता ने बेटी सुजाता मुंडा(18 वर्ष) की टांगी से गला काट डाली। घटनास्थल पर सुजाता मुंडा की मौत हो गई। इसके बाद पिता प्रदीप मुंडा घर से फरार हो गया। घटना गुरुवार देर रात की है। मामले में मृतका की मां के बयान पर बरियातू थाने में पति प्रदीप मुंडा के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, आरोपी फरार है।

क्या है मामला
बरियातू थानेदार अजय केशरी ने बताया कि सुजाता मुंडा अपने पिता प्रदीप मुंडा और मां के साथ मोरहाबादी के बनियाटोली में रहती थी। उसके पिता रिक्शापुलर हैं। वह हर दिन शराब पीकर घर जाता था और मारपीट व गाली-गलौज करता था। गुरुवार की रात जब वह शराब पीकर आया तो उसकी बेटी ने उसे शराब पीकर घर आने से मना किया। इसके बाद दोनों में नोकझोक होने लगी। बेटी ने बाप को डंडे से मारा, फिर वह कमरे में सोने के लिए चली गई। सुजाता की मां चूल्हे पर खाना चढ़ा कर पानी लाने बाहर गई थी। इसी बीच प्रदीप मुंडा ने टांगी से बेटी का गला काट डाला।

बेटी का कर दिया काम तमाम
हत्या के बाद प्रदीप मुंडा घर से निकल गया। रास्ते में उसकी पत्‌नी मिली। प्रदीप को घर से जाते देख उसे कुछ आशंका हुई तो उसने पूछा कि क्या बात है। इसके बाद प्रदीप बोला कि बेटी का काम तमाम कर दिया है, जो करना हो कर लो। इसके बाद वह भाग गया।