- टैक्स फ्री होने के बाद डिपार्टमेंट के छूट रहे पसीने

- दो और फिल्मों के टैक्स फ्री होने की हुई घोषणा

- हर एक टिकट पर मिलता है 40 फीसदी का टैक्स

Meerut : बजरंगी भाईजान की सक्सेस को देखकर सिर्फ सलमान खान और कबीर खान ही खुश नहीं थे बल्कि इंटरटेनमेंट डिपार्टमेंट भी काफी खुश दिखाई दे रहा था। इस फिल्म के सहारे डिपार्टमेंट अपनी डूबती नैया पार लगाने का सपना देख रहा था, लेकिन अब वो सपना चकनाचूर ही नहीं हुआ बल्कि उसे रौंद भी दिया गया है। जब बजरंगी भाईजान के टैक्स फ्री होने के आदेश जारी हुए हैं तब से अधिकारियों के पसीने छूटे हुए हैं। अधिकारियों का अनुमान है कि पिछली छह फिल्मों के टैक्स फ्री होने से जो नुकसान नहीं उससे कहीं ज्यादा बजरंगी भाईजान के टैक्स फ्री होने से हो जाएगा।

50 लाख रुपए का नुकसान

इंटरटेनमेंट टैक्स के अधिकारियों ने बताया कि बजरंगी भाईजान के टैक्स फ्री होने का अभी शासनादेश उनके पास नहीं आया है, लेकिन इसके टैक्स फ्री होने की घोषणा हुई। जो कि डिपार्टमेंट के लिए काफी दुखद है। उन्होंने कहा इस तरह की फिल्में हर हफ्ते रिलीज नहीं होती है। न ही हर हफ्ते पब्लिक हर फिल्म को इस तरह का रिस्पांस देती है। ऐसी फिल्मों से डिपार्टमेंट के रेवेन्यू में इजाफा होता है। एक अनुमान के अनुसार फिल्म के टैक्स फ्री होने से डिपार्टमेंट को 50 लाख रुपए नुकसान का अनुमान है।

अभी तक चुकी है करोड़ों की कमाई

इंटरटेनमेंट से जुड़े अधिकारियों की मानें तो फिल्म की मेरठ से कमाई 2 करोड़ से कम अभी तक नहीं हुई होगी। इसके दोगुने होने के आसार भी हैं, क्योंकि जिले में अभी ऐसा हो सिंगल और मल्टीप्लेक्स नहीं जहां फिल्म लगी हो और वहां लोग न आ रहे हो। जिले में सिंगल स्क्रीन की संख्या 11 और मल्टीप्लेक्स की संख्या 5 हैं।

छह फिल्मों से ज्यादा नुकसान

अगर बात पिछली छह फिल्मों की करें तो उनके टैक्स फ्री होने से डिपार्टमेंट को 37.53 लाख रुपए का नुकसान हुआ था। जबकि अकेले बजरंगी भाईजान से 50 लाख रुपए के नुकसान की बात अधिकारी कर रहे हैं। अगर पीके की करें तो उसके टैक्स फ्री होने से डिपार्टमेंट को 14.08 लाख रुपए का नुकसान हुआ था। वहीं तेवर से 8.42 लाख, हवाईजादा से 1.62 लाख, मैरीकॉम से 2.87 लाख, मर्दानी से 5.89 लाख रुपए का नुकसान हो चुका है। जबकि इस साल रिलीज हुई हमारी अधूरी कहानी को टैक्स फ्री कर दिया गया था। जिससे डिपार्टमेंट को 4.65 लाख का नुकसान हुआ था।

बढ़ गया है टारगेट

अधिकारियों की मानें तो पिछले साल के मुकाबले इस साल रेवेन्यू का टारगेट भी बढ़ गया है। वर्ष 2014-15 में डिपार्टमेंट को 19.14 करोड़ रुपए का टारगेट दिया गया था। जिसकी एवज में सिर्फ 17.73 करोड़ रुपए ही अचीव हो सका था। इस बार 21.69 करोड़ रुपए का टारगेट मिला है। ऐसे में बजरंगी भाईजान जैसी फिल्में टैक्स फ्री हो जाएंगे तो रेवेन्यू कलेक्शन का टारगेट कैसे पूरा होगा? वैसे भी सलमान खान की फिल्मों का क्रेज अलग ही होता है।

सरकार के आदेश पर हम कमेंट तो नहीं कर सकते हैं, लेकिन इससे इंटरटेनमेंट डिपार्टमेंट को टैक्स के रूप में मिलने वाले रेवेन्यू का काफी नुकसान होगा। क्योंकि इस तरह की ब्लॉकबस्टर मूवी साल में एक ही बार आती है। करीब 50 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है।

- सोहन लाल वशिष्ठ, असिस्टेंट इंटरटेनमेंट टैक्स कमिश्नर

फैक्ट एंड फिगर

- बजरंगी भाईजान के टैक्स फ्री होने से हो सकता है 50 लाख का नुकसान।

- पिछली छह फिल्मों के टैक्स फ्री होने से हो चुका है 37.53 लाख का नुकसान।

- जिले में सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों की संख्या 11.

- जिले में मल्टीप्लेक्स सिनेमाघरों की संख्या 5.

- मनोरंजन कर डिपार्टमेंट लगाता है टैक्स 40 फीसदी।

- वर्ष 2014-15 में मिला था टारगेट 19.14 करोड़।

- वर्ष 2014-15 में हासिल किए थे 17.73 करोड़ रुपए का रेवेन्यू।

- वर्ष 2015-16 में है टारगेट 21.69 करोड़।

किस फिल्म से कितना हुआ नुकसान

फिल्म का नाम टैक्स का नुकसान

पीके 14.08 लाख

तेवर 8.42 लाख

हवाईजादा 1.62 लाख

मैरीकॉम 2.87 लाख

मर्दानी 5.89 लाख

हमारी अधूरी कहानी 4.65 लाख