RANCHI: कचहरी चौक के समीप एक कॉलेज छात्रा से छेड़खानी का मामला प्रकाश में आया है, जिसमें छेड़खानी का विरोध करने पर युवक ने जान से मारने की धमकी भी दी। इस संबंध में छात्रा के भाई ने कोतवाली थाने में एफआइआर दर्ज कराई है। इसमें कहा गया है कि छात्रा काम के सिलसिले में बुधवार की दोपहर कचहरी चौक गई थी। उसी दौरान आरोपी रोहित उर्फ रमेश पटेल नामक युवक कचहरी चौक पहुंचा और छात्रा से छेड़खानी करने लगा। इस बीच स्थानीय लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ कर पिटाई की व छात्रा को बचाया। छात्रा वहां से अपने घर लौट गई। इसके बाद आरोपी रोहित अपने मोबाइल नंबर 7908845701 और 7063485065 से कॉल कर जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके अलावा फेसबुक पर भी अश्लील फोटो डाल दी।

गुमला से पहुंचा भाई

पीडि़ता मूल रूप से गुमला जिले की रहने वाली है। वर्तमान में रांची के एक कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। रोहित काफी दिनों से उसे परेशान कर रहा था। इसबीच बुधवार को छेड़खानी की। घटना के बाद से पीडि़ता ने इस मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद गुमला से छात्रा का भाई रांची पहुंचा और मामले की जानकारी कोतवाली थाना को दी। प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।