RANCHI : यू- ट्यूब पर झारखंड के पूर्व मंत्री राजा पीटर बाहुबली बने हुए हैं। राजा पीटर की उपलब्धि की गाथा उनकी पत्‍‌नी आरती कुमारी ने यू-ट्यूब पर डाली है। अबतक इस वीडियो को एक लाख सात हजार लोगों के लाइक्स मिल चुके हैं। गौरतलब है कि राजा पीटर से जुड़ी दो वीडियो यू ट्यूब पर अपलोड की गई है। एक वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे राजा पीटर हमारे देश को विभिन्न समस्याओं से मुक्त कर सकते हैं तो दूसरी वीडियो में राजा पीटर की जिंदगानी बताई गई है। इसमें यह दिखाया गया है कि कैसे राजा पीटर आम जनता की दुख-तकलीफ मे खड़ा रहते हैं और उसे दूर करने की कोशिश करते हैं।

लोगों के भी हैं विचार

राजा पीटर के बारे में जमशेदपुर के टीन प्लेट कॉलेज की एक्स प्रिंसिपल गीता सिंह मुंडा ने कहा कि एक राजनीतिक षड़यंत्र के तहत राजा पीटर को फंसाया गया है। वहीं, तमाड़ के काजल मुखर्जी ने कहा कि राजा पीटर गरीबों के मसीहा थे।

झारखंड के रॉबिनहुड हैं राजा पीटर

पत्‍‌नी आरती कुमारी ने कहा है कि राजा पीटर झारखंड के रॉबिन हुड थे। तमाड़ की जनता जानती है कि राजा पीटर ने उस क्षेत्र के लिए क्या किया है। उन्हें पूर्व विधायक रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड में जेल भेज दिया गया है। आरती कुमारी ने कहा है कि राजा पीटर भले ही जेल चले गए हों, लेकिन आज भी जनता उन्हें सदैव याद करती है। हम जानते हैं कि उन्हें एक सोची समझी साजिश के तहत फंसाया गया है। हम और तमाड़ की जनता उनके साथ हैं।

पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड में आरोपी

गौरतलब हो कि तमाड़ के पूर्व विधायक रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड में राजा पीटर को नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी की टीम ने साक्ष्य और प्रमाण के आधार पर राजा पीटर को पकड़कर कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस मामले में अभी ट्रायल और बयान चल ही रहा है।