- झंगहा एरिया में डकैती का खुलासा

- झूठी सूचना देने की होगी कार्रवाई

JHANGHA: झंगहा के भौराही में रविवार की रात डकैती नहीं पड़ी थी। डकैती की सूचना देने वाली महिला ने झूठी कहानी गढ़ी। देवर के गहने हड़पने के लिए उसने डकैती की साजिश रच दी। सोमवार की रात उसके घर में छिपाए गहने बरामद करके पुलिस ने वारदात का खुलासा किया। एसपी ग्रामीण ब्रजेश सिंह ने बताया कि महिला के खिलाफ झूठी सूचना के आरोप में कार्रवाई की जाएगी।

शुरूआती जांच में हुआ शक

भौराही निवासी अशोक और उसके पिता सूरत में रहकर कमाते हैं। गांव पर अशोक की पत्‍‌नी आरती, बच्चे और उसका छोटा भाई मनोज रहते हैं। रविवार की रात अशोक की पत्‍‌नी ने डकैती की सूचना पुलिस को दी। बताया कि चार-पांच बदमाशों ने शटर खुलवाया। उसको पीटकर घर में रखी नकदी और गहने लूटकर फरार हो गए। रात में पुलिस टीम जांच के लिए पहुंच गई। सोमवार की सुबह क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंची। शुरूआती जांच में पुलिस को घटना पर शक हुआ।

लालच में आकर छिपाए गहने

सोमवार की शाम जांच में पुलिस को कामयाबी मिली। पूछताछ के दौरान पुलिस ने महिला पर सामाजिक दबाव बनाया। परिवार वालों के सामने महिला की नहीं चली। उसने कबूल कर लिया कि गहने घर में छिपाए गए हैं। फर्श खोदकर दबाए गए गहनों को बरामद करके पुलिस खुलासे तक पहुंच गई। लेकिन महिला और उसके परिवार के लोगों ने कार्रवाई न करने की गुहार लगाई। महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी में कम गहने मिले थे। उसके देवर की शादी की तैयारी में ज्यादा ज्वेलरी खरीदी गई। देवरानी को देने वाले गहने देखकर उसके मन में जलन होने लगी। इसलिए उसने गहनों को हड़पने की साजिश की। लालच में आकर पुलिस को डकैती की झूठी सूचना दे दी।

पुलिस टीम को मिलेगा इनाम

एसपी ग्रामीण ने बताया कि झंगहा के प्रभारी एसओ विनोद कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल जयराम सिंह, संजय कुमार, मारकंडेय तिवारी और शैलेष चौहान को इनाम देकर प्रोत्साहित किया जाएगा। महिला ने अपनी साजिश में छोटे बच्चों को भी शामिल किया था। महिला के कहने पर वह लोग रोने चिल्लाने लगे थे। गांव के बीच स्थित मकान में डकैती, शटर खुलने सहित कई क्लू महिला की कहानी पर भारी पड़ गए। उधर कहानी खुलाने पर गांव में बदनामी के डर से महिला डिप्रेशन में चली गई। एसपी ग्रामीण ने कहा कि इस तरह की घटना सहजनवां में हुई थी। इसके पहले चौरीचौरा एरिया के अयोध्याचक हुई लूट में भी घरवालों की साजिश सामने आई है। उसका भी खुलासा जल्द कर दिया जाएगा।

महिला ने लूट की कहानी गढ़ी थी। वह देवर के गहने हड़पना चाहती थी। लेकिन उसकी चालाकी पकड़ी गई। उसके खिलाफ पुलिस को झूठी सूचना देने का मामला दर्ज किया जाएगा।

ब्रजेश सिंह, एसपी ग्रामीण