शेर सिंह राणा का संजय गुप्ता के नाम से जारी किया था पासपोर्ट

RANCHI: फूलन देवी हत्याकांड के अभियुक्त शेर सिंह राणा को फर्जी तरीके से पासपोर्ट जारी किया गया था। रांची के तत्कालीन एसडीओ ने उसके गलत नाम पर पासपोर्ट जारी करने की अनुशंसा की थी। राज्य सरकार ने इस मामले में तत्कालीन एसडीओ विनय कुमार सिंकू को दोषी पाया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही का निर्णय लिया है।

आरोपी रखे अपना पक्ष

रांची के एसडीओ रहते विनय कुमार सिंकू ने मामले के अभियुक्त शेर सिंह राणा को संजय गुप्ता के नाम से पासपोर्ट जारी करने की अनुशंसा की थी। जांच के बाद मामले में फर्जीवाड़ा की पुष्टि हुई है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा जारी संकल्प में कहा गया है कि विनय कुमार सिंकू पर छद्म नाम से पासपोर्ट जारी करने की गलत अनुशंसा करने संबंधित आरोप प्रमाणित है। राज्य सरकार ने विभागीय कार्रवाई चलाने के लिए विभागीय जांच पदाधिकारी सेवानिवृत्त आइएएस अशोक कुमार सिन्हा को संचालन पदाधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही रांची के वर्तमान एसडीओ अमित कुमार को उपस्थापन पदाधिकारी नामित किया गया है। आरोपी अफसर को पंद्रह दिनों के भीतर संचालन पदाधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर बचाव में अपना पक्ष रखने को कहा गया है।

मालूम हो कि चंबल घाटी में आतंक की पर्याय बनी फूलन देवी काफी चर्चित थीं। उनके अपराधी बनने के पीछे दबंगों का शोषण रहा है। इस पर बैंडिट क्विन नामक बॉलीवुड में फिल्म भी बनी थी। यह फिल्म काफी लोकप्रिय रही। वहीं, डायरेक्टर को भी काफी सराहना मिली थी।

हाइलाइट्स

- संजय गुप्ता के नाम से शेर सिंह राणा का जारी हुआ था पासपोर्ट

-रांची के तत्कालीन एसडीओ विनय सिंह सिंकू पर दोष सिद्ध

-आरोपी के खिलाफ होगी विभागीय कार्रवाई

- 15 दिन के अंदर आरोपी अपने बचाव में रखें पक्ष