लूट के मुख्य सरगना विपुल पिन्ना को नहीं पकड़ सकी पुलिस

भगत सिंह समेत तीन आरोपियों को पुलिस कर चुकी है गिरफ्तार

MEERUT : मणप्पुरम गोल्ड फाइनेंस कंपनी के सोना लूट कांड में पुलिस की नजर वेस्ट यूपी के पच्चीस हजारी बदमाश विपुल पिन्ना पर आकर टिक गई है। विपुल पिन्ना के गैंग ने सुशील व भगत सिंह के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस अभी तक ढाई करोड़ के लूटे हुए सोने की तलाश नहीं कर पाई है। सीओ कैंट रामअर्ज का कहना है कि विपुल पिन्ना पहले भी कई लूट में शामिल रहा है। इसके गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। लूटा गया करीब छह किलो का सोना उसी के पास है।

 

ये है मामला

गुरुवार शाम साढ़े छह बजे बेगमपुल स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन फाइनेंस कंपनी में ब्रांच मैनेजर व कर्मचारियों को गन प्वाइंट में लेकर दस किलो सोना लूट लिया गया था। आईजी रामकुमार वर्मा व डीएम अनिल ढींगरा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। कंपनी के बैग में रखे जीपीएस के कारण बदमाशों की आखिरी लोकेशन वंडर सिटी में मिली थी। पुलिस की जांच में सामने आया था था कि कंकरखेड़ा थाने के हिस्ट्रीशीटर धूम सिंह व उसके बेटे भगत सिंह ने लूट की घटना को अंजाम दिया है।

 

पुलिस ने किया अधूरा खुलासा

शनिवार को पुलिस ने वंडर सिटी निवासी भगत सिंह, सुशील व दीपक को गिरफ्तार करके घटना का खुलासा कर दिया था। उनके पास से लूटे गए करीब चार किलो सोने के जेवर भी बरामद किए गए हैं लेकिन पुलिस ने लूट करने वाले पूरे गैंग का भंड़ाफोड़ नहीं किया है। जबकि अभी लूटा हुआ करीब छह किलो सोना बरामद नहीं हो सका है।

 

लूट के सैकड़ों मुकदमें दर्ज

सोना लूट कांड में कंकरखेड़ा के रहने वाले विपुल पिन्ना का नाम सामने आया है। पुलिस उसे दो दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जबकि वह दिल्ली, हरियाणा व पंजाब में भी लूट की घटनाओं में शामिल रहा है। कई राज्यों में उसके खिलाफ सैकड़ों लूट के मुकदमें भी दर्ज हैं।