खेत पर सोने गया था किसान, सुबह शव फंदे पर लटका मिला

कमरे में सामान टूटा हुआ मिला, करंट लगा कर मारा

आगरा। थाना सिकंदरा स्थित लोह करेरा गांव में किसान की निर्ममता से हत्या कर शव पेड़ पर लटका दिया। सुबह परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। मौके पर एरिया के लोग जमा हो गए और हंगामा कर दिया। लोगों ने पुलिस को शव नहीं उतारने दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही शव को पोस्टमार्टम लाया गया।

बेटे से हुआ था विवाद

गांव लोह करेरा निवासी 60 वर्षीय राजाराम पुत्र लखमी किसान हैं। घर के पास ही उनका खेत है। रविवार की शाम छह बजे खेत पर बेटा राम कुमार था। राम कुमार के मुताबिक उस दौरान खेत पर पड़ोसी युवक शौच कर रहे थे। राम कुमार ने उनसे खेत पर शौच करने से मना कर दिया। इस पर दोनों पड़ोसी बिगड़ गए। उन्होंने राम कुमार के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद दोनों अपने घर चले गए।

डर से नहीं गया खेत पर

राम कुमार के मुताबिक पड़ोसियों ने उसकी पिटाई के बाद पुलिस को शिकायत कर दी। इस पर पुलिस फोर्स उसके घर पर आया। आरोप है कि पुलिस उसकी बदमाशों की तरह तलाश कर रही थी। वैसे तो राम कुमार रोज खेत पर सोने जाता है। लेकिन डर की वजह से वह खेत पर नहीं गया। उसकी जगह पिता राजाराम खेत पर सोने चले गए।

फंदे पर शव लटका मिला

सुबह एक ग्रामीण उनके खेत के पास चरी लेने गया तो राजा राम का शव पेड़ पर रस्सी के सहारे लटका मिला। सूचना पर अन्य ग्रामीण व परिवार के लोग पहुंच गए। शव लटका देख परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। शरीर पर चोट के निशान थे। सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन ग्रामीणों ने शव नीचे नहीं उतारने दिया। ग्रामीण मौके पर बड़े अधिकारी को बुलाने की मांग कर रहे थे।

करंट लगा कर की हत्या

बेटे राम कुमार के मुताबिक खेत में एक कमरा बना हुआ है। वहां पर स्टार्टर रखा हुआ था। वह नीचे गिरा हुआ था। बल्ब भी टूटे हुए थे। माना जा रहा है कि हत्यारों ने पहले तोड़फोड़ कर अंधेरा कर दिया जिससे कोई देख नहीं पाए। कमरे में पैर के निशान थे। पहले पिता को करंट लगाया गया। उनके हाथ को देख कर लग रहा है कि करंट लगाया गया है। हत्या करने के बाद सुसाइड दिखाने के लिए शव पेड़ से लटका दिया।

12 बजे शव उठने दिया

मौके पर पहले दो सिपाही पहुंचे थे। लेकिन लोगों ने शव नहीं उतारने दिया। रुनकता का फोर्स भी पहुंच गया। लेकिन फिर भी शव नहीं उतारने दिया। इसके बाद मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। लोगों ने मामले में मुआवजे की मांग की। एसडीएम किरावली ने ग्रामीणों को मुआवजे का आश्वासन व मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया जब जाकर लोग शांत हुए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मौके पर एसपी सिटी प्रशांत वर्मा मय फोर्स के पहुंचे थे। पुलिस मामले में नामजद मुकदमा दर्ज किया है।

पहली बार हुआ ऐसा

बेटे राम कुमार के मुताबिक पहले भी पड़ोसियों से विवाद होता रहता था लेकिन वे इस हद तक उतर आयेंगे ऐसा कभी नहीं सोचा था। रात का फायदा उठा कर पड़ोसियों ने वारदात को अंजाम दिया है।

बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

बेटे राम कुमार ने मामले में तहरीर दी है। तहरीर के मुताबिक रात एक से दो बजे के बीच गजराज, अजीत समेत कुछ लोग आए और पिता को बुरी तरह पीटा और करंट लगा दिया। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए पेड़ पर शव पर लटका दिया। खेत पर सो रहे दोनों चाचा शोर सुन भाग कर वहां पर गए तो आरोपी भागते हुए दिखाई दिए। पुलिस के मुताबिक मामले में गजराज, अजीत पुत्र गजराज, टम्पू, देवी सिंह, उदय सिंह पुत्र देवी सिंह, छतर, राजवीर, हीरा का दामाद नाम पता अज्ञात के खिलाफ हत्या में मुकदमा दर्ज किया है।