पांचवें जत्थे को रवाना किया गया
जम्मू (पीटीआई)। दक्षिण कश्मीर हिमालय में अमरनाथ यात्रा के लिए आज जम्मू से तीर्थयात्रियों का पांचवां जत्था रवाना किया गया है। अब तक गुफा के दर्शन के लिए दोनों मार्गों से  13,816 तीर्थयात्री जा चुके हैं। इन दोनों रास्तों में अनंतनाग जिले का 36 किलोमीटर लंबा पहलगाम और गांदरबल जिले का 12 किलोमीटर लंबा बालटाल मार्ग शामिल है। एक अधिकारी ने बताया कि आज सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच 134 वाहनों के साथ पांचवें जत्थे को रवाना किया गया है।

शाम तक बेस कैंप पहुंचने की उम्मीद
इस जत्थे के शाम तक बालटाल और पहलगाम बेस कैंप में पहुंचने की उम्मीद है। अधिकारी के मुताबिक पांचवें जत्थे में से 148 साधू और 370 महिलाओं समेत 2303 यात्री पहलगाम के रास्ते से अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिए जाएंगे। वहीं  438 महिलाओं सहित 1,744 यात्रियों ने बालटाल मार्ग का चयन किया है। वे इस रास्ते से दर्शन के लिए जाएंगे। घाटी में लगातार बारिश से उत्पन्न हुए खतरे के बाद भी 28 जून को कुछ घंटे की देरी के बाद यात्रा शुरू कर दी गई थी।

बारिश की वजह से हो रही परेशानी
अमरनाथ यात्रा के दौरान बारिश, मार्गों पर फिसलन, पत्थरों के गिरने और भूस्खलन के कारण से यात्रियों को परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है। बता दें कि कल रविवार की शाम तक कुल 13,816 श्रद्धालु शिवलिंग के दर्शन कर चुके थे। खास बात तो यह है कि अकेले रविवार को ही सबसे अधिक 10,935 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। यह यात्रा 26 अगस्त को ‘रक्षा बंधन’ के त्योहार पर समाप्त होगी।अमरनाथ यात्रा के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

अमरनाथ यात्रा के लिए पहला जत्था रवाना, पहली बार रेडियो फ्रीक्वन्सि से ट्रैक होंगे वाहन

मुस्लिम गड़रिये ने खोजी थी ‘बाबा बर्फानी’ की गुफा, जानें अमरनाथ यात्रा की महत्वपूर्ण बातें

 

 

National News inextlive from India News Desk