गंभीर हालत में पुलिस ने घायल को एसआरएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया

प्रापर्टी को लेकर दो पक्षों के बीच चल रहा था कई माह से विवाद

ALLAHABAD: प्रॉपर्टी के मामले को लेकर हुए विवाद में मंगलवार की सुबह नजमी हसन को गोली मार दी गई। पीठ में गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। यह देख हमलावर पक्ष के लोग फरार हो गए। सिविल लाइंस के राजापुर एरिया में हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस ने घायल को गंभीर हालत में एसआरएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया।

मेंहदौरी में रहता है घायल नजमी

नवाबगंज निवासी नजमी हसन परिवार के साथ शिवकुटी थाना क्षेत्र के मेंहदौरी कॉलोनी में रहता है। बताते हैं कि वह बालू की ठेकेदारी व प्रॉपर्टी डिलिंग का काम करता है। किसी प्रापर्टी को लेकर नजमी का मेंहदौरी के ही निहाल से विवाद चल रहा है।

आमने-सामने आए तो हुआ विवाद

मंगलवार सुबह करीब आठ बजे नजमी किसी काम से राजापुर स्थित रॉयल गेस्ट हाउस के पास गया। वहां उसकी मुलाकात निहाल से हुई। दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ तो निहाल पक्ष की तरफ से किसी ने फायर कर दिया। गोली नजमी हसन की पीठ में जा धंसी। नजमी जमीन पर गिर पड़ा। उसके गिरते ही निहाल सहित उसके पक्ष के लोग फरार हो गए। गोली की आवाज से एरिया में हड़कंप मच गया। लोगों ने घटना की सूचना 100 नम्बर पर पुलिस को दी। सिविल लाइंस थाने की पुलिस ने घायल नजमी को एसआरएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया।

पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

नजमी हसन को गोली लगने की सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी हॉस्पिटल पहुंच गए। परिजनों से हॉस्पिटल में पुलिस ने पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक परिजनों की तहरीर पर मुख्य आरोपी निहाल निवासी मेंहदौरी समेत आजम, आमिर, गुड्डू और दानिस के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है।

रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। प्रॉपर्टी को लेकर नजमी और निहाल के बीच विवाद की बात सामने आई है। इसी विवाद के चलते नजमी को गोली मारी गई है।

श्रीश्चन्द्र, सीओ, सिविल लाइंस