newsroom@inext.co.in

KANPUR :  शाम का करीब 7.30 का समय था। लोग ऑफिस से अपने घरों की ओर जा रहे थे, तभी मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (सीएसटी) रेलवे स्टेशन के पास बने एक फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का बड़ा हिस्सा गिर गया। इस ब्रिज पर चल रहे लोग नीचे गिर गए। पुल के नीचे से निकल रहे लोग भी इस हादसे की चपेट में आ गए।  हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। ये लोग अपने घर लौट के नहीं जा पाए। हादसे में 34 लोग गंभीर रूप से घायल भी हो गए। सड़क पर खड़ी कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।

हादसे के बाद भगदड़, चीख-पुकार

जिस वक्त यह घटना हुई पीक आवर होने के कारण लोग अपने घर की ओर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुल के गिरते ही बड़ी जोर की आवाज आई। नीचे कुछ महिलाएं थीं। एक महिला के हाथ में छोटा बच्चा भी था। सैकड़ों टन कंक्रीट चलते ट्रैफिक पर गिर पड़ा। हादसे के वक्त कुछ लोग ऊपर से नीचे गिरे, गिरते ही शोर मच गया। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। घटना की सूचना पर एनडीआरएफ, रेलवे व मुंबई पुलिस की टीमों ने घायलों को तत्काल सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल व गोकुलदास तेजपाल अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर्स ने 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया। तीन मृतकों की पहचान अपूर्वा प्रभु, रंजना तांबे और शिराज खान के तौर पर हुई है। अपूर्वा और रंजना जीटी हॉस्पिटल में नर्स थीं। जोकि शाम के वक्त अपनी शिफ्ट पूरी कर घर वापस जा रही थीं।

40 साल पुराना पुल

- यह पुल करीब 40 साल से भी ज्यादा पुराना है। शाम के वक्त इस इलाके में काफी भीड़ रहती है।

- यह सीएसएमटी के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के उत्तरी छोर को बीटी लेन से जोड़ता है।

- ब्रिज बीएमसी ऑफिस से 500 मीटर की दूसरी पर स्थित है। इसके नजदीक मुंबई पुलिस का हेडक्वार्टर व सीएएमए हॉस्पिटल भी है।

कसाब के नाम से मशहूर है ब्रिज

इस हादसे के बाद मुंबई हमले में पकड़े गए पाकिस्तानी आतंकी अजमल कसाब का नाम फिर ताजा हो गया है। दरअसल, जो ब्रिज सीएसटी के बाहर गिरा है वो मुंबई में कसाब ब्रिज के नाम से मशहूर था। साल 2008 में मुंबई में हुए आतंकी हमले के बाद पकड़ा गया कसाब सीएसटी रेलवे स्टेशन के बाहर मौजूद पुल से ही गुजरा था।

पहले भी हो चुके हैं हादसे

- 29 सितंबर 2017 को मुंबई के परेल इलाके में एलफिन्स्टन रेलवे स्टेशन पर बना एफओबी गिर गया था।

- इस हादसे में 23 लोगों की मौत हो गई थी, मृतकों में 8 महिलाएं शामिल थीं।

- जुलाई 2018 में मुंबई में भारी बारिश की वजह से अंधेरी स्टेशन के करीब ब्रिज का एक हिस्सा गिर गया था।

- इससे वेस्टर्न लाइन पर लोकल ट्रेनों की आवाजाही ठप हो गई थी। इस हादसे में 5 लोगों जख्मी हुए थे।

'घटनास्थल पर रेलवे बीएमसी की मदद संयुक्त बचाव कार्य कर रहे हैं। पीडि़त परिवारों के साथ मेरी संभावनाएं हैं।'

- पीयूष गोयल, रेलवे मिनिस्टर

'घटना को सुनकर पीड़ा हुई। मामले पर बीएमसी कमिश्नर और मुंबई पुलिस के अधिकारियों से बात की। रेलवे मंत्रालय के अधिकारियों के साथ राहत कार्य जारी है।'

- देवेंद्र फडणवीस, सीएम महाराष्ट्र

(एजेंसी इनपुट सहित)

National News inextlive from India News Desk