डॉ। उदय प्रताप सिंह को सौंपी गई हिन्दुस्तानी एकेडेमी की कमान

ALLAHABAD: आखिरकार हिन्दुस्तानी एकेडेमी में नए अध्यक्ष की नियुक्ति हो गई। सूबे में भाजपा की सरकार बनते ही पद्मश्री डॉ। सुनील जोगी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से ये पद रिक्त चल रहा था। करीब चौदह महीने के बाद शासन के भाषा विभाग की ओर से गाजीपुर में श्री महंत रामाश्रय दास पीजी कॉलेज हिन्दी विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ। उदय प्रताप सिंह को एकेडेमी का अध्यक्ष बनाया गया है। ये वाराणसी के निवासी हैं। डॉ। सिंह सात दिन बाद एकेडेमी का पदभार ग्रहण करेंगे।

शुरू होगी पुरस्कारों की श्रृंखला

हिन्दुस्तानी एकेडेमी के नए अध्यक्ष डॉ। सिंह ने कहा कि हिन्दी और उर्दू साहित्य के सबसे बड़े संस्थान में पुरस्कारों की श्रृंखला फिर शुरू कराई जाएगी। उन्होंने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि साहित्य प्रेमियों के लिए उच्च स्तरीय साहित्य का प्रकाशन कराया जाएगा। साथ ही ज्यादा से ज्यादा पाठकों को एकेडेमी से जोड़ा जाएगा।