गगहा पुलिस ने 25 हजार के ईनामी को दबोचा

हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ दर्ज हैं 19 से अधिक मुकदमे

GORAKHPUR:

गगहा एरिया के मझगांवा में डीजे संचालक से रंगदारी मांगने में शातिर ईनामी बदमाश को पुलिस ने अरेस्ट किया। सोमवार को मझगांवा चौराहे के पास उसकी लोकेशन मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की। शातिर के एक अन्य साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसएचओ राजू सिंह ने बताया कि बदमाश के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ 25 हजार रुपए का ईनाम था।

डीजे संचालक से मांगी थ्ाी रंगदारी

शनिवार को मझगांवा बाजार में रोशन डीजे के संचालक रोशन को किसी ने फोन किया। उसने रुपए न पहुंचाने पर जानमाल की धमकी दी। बदमाश के फोन करने की सूचना रोशन ने पुलिस को दी। बताया कि फोन करने वाले ने खुद को सिन्नू सिंह बताया है। मोबाइल नंबर के आधार पर छानबीन में पता लगा कि फरार चल रहे बदमाश आशीष उर्फ आशीत सिंह उर्फ सिन्नू सिंह ने रंगदारी मांगी है। सोमवार को वह रुपए लेने के लिए मझगांवा पहुंचने वाला है।

वाहन चेकिंग के दौरान किए गए अरेस्ट

बदमाश को पकड़ने के लिए पुलिस टीम लग गई। सोमवार को वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को रोकने की कोशिश की। लेकिन दोनों ने अपने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। घेराबंदी कर पुलिस ने उनको पकड़ा तो बाइक चला रहे युवक की पहचान विशाल उर्फ विक्की और आशीष उर्फ आशीत सिंह उर्फ सिन्नू के रूप में हुई। सिन्नू की तलाश पहले से चल रही थी जबकि विशाल उर्फ विक्की भी तीन मामलों में फरार था।

वर्जन

सिन्नू के खिलाफ शिकायत मिली थी। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह अपने साथी के साथ मझगांवा में रंगदारी वसूलने आया था। तभी पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।

राजू सिंह, इंस्पेक्टर, गगहा