- नौसड़ के एकला बंधे पर आंदोलन से वार्डो के कूड़ा पड़ाव केंद्रों पर लगा गंदगी का अंबार

- अपर नगर आयुक्त ने चार महीने जमीन तलाशने की मांगी मोहलत तो बनी बात, तब तक एकला बंधे पर गिरेगा कूड़ा

GORAKHPUR: नौसड़ स्थित एकला बंधे पर कूड़ा गिराने के विरोध में चल रहे आंदोलन के चलते सिटी के कूड़ा पड़ाव केंद्र पूरी तरह हाउसफुल हो चुके हैं। हालांकि अपर नगर आयुक्त बुधवार की सुबह ही धरना स्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने चार माह की मोहलत मांगी। कहा कि समय रहते जमीन की तलाश की जा रही है। जमीन मिलने के बाद एकला बंधे पर कूड़ा गिराने पर बैन लगा दिया जाएगा, अभी फिलहाल विकल्प के तौर पर कूड़ा गिराने दिया जाए। कूड़े की निगरानी के लिए उन्होंने बंधे के पास एक सुपरवाइजर की तैनाती की है। साथ ही कूड़ा गिराने वाले स्थान पर नियमित मिट्टी गिराने के साथ दवा का छिड़काव और फॉगिंग कराई जाएगी। इस आश्वासन पर दोपहर करीब 12 बजे आंदोलन समाप्त हो गया। इसके बाद कूड़ा लदी गाडि़यों से कूड़ा गिराने का कार्य शुरू हो गया।

वार्डो में लगा कूड़े का अंबार, दौड़े अफसर

एकला बंधे पर कूड़ा गिराए जाने को लेकर चले विरोध के चलते कूड़ा उठाने वाली गाडि़यों के पहिए थम गए थे। जिसकी वजह से शहर के विभिन्न कूड़ा पड़ाव केंद्रों पर कूड़े का अंबार लग गया। इसे गंभीरता से लेते हुए अपर नगर आयुक्त सुनील सिंह अपनी टीम के साथ नौसड़ स्थित एकला बंधा पहुंचे। उन्होंने स्थायी निदान के लिए कूड़े के ढेर पर मिट्टी गिराकर लोगों के आक्रोश को समाप्त करने की कोशिश की। उनके आश्वासन पर लोग मान गए और बंधे पर कूड़ा गिराने का कार्य शुरू कर दिया गया।

सहजनवां और बालापर में मिली जमीन

पार्षद प्रतिनिधि कृष्ण मोहन यादव ने बताया कि अपर नगर आयुक्त से बातचीत हुई है। सहजनवां और बालापार में जमीन देखी जा चुकी है। उन्होंने यह भी बताया कि जब तक बंधे पर कूड़ा गिराया जाएगा, वहां मिट्टी गिराने और दवा छिड़काव व फॉगिंग का कार्य भी होगा। लिखित आश्वासन के बाद आंदोलन खत्म कर दिया गया।

कोट्स

अपर नगर आयुक्त के आश्वासन के बाद आंदोलन खत्म कर दिया गया है। अगर इसके बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो चार माह बाद आमरण अनशन पर बैठेंगे।

- कृष्ण मोहन यादव, पार्षद प्रतिनिधि

बातचीत से हल निकाल लिया गया है। कूड़ा गिराने के लिए जमीन देखी जा चुकी है। जल्द ही पब्लिक की दिक्कतों को दूर कर लिया जाएगा। फिलहाल आश्वासन के बाद धरना समाप्त हो गया है।

- सुनील सिंह, अपर नगर आयुक्त