ranchi@inext.co.in
RANCHI: मांडर थाना क्षेत्र के मुड़मा पुल के निकट खेत में बुधवार को एक 18 वर्षीया युवती का शव मिला है। आशंका है कि हत्या से पूर्व उसके साथ दुष्कर्म किया गया है। मृतका के कपड़े फटे हुए थे। गर्दन तथा चेहरे पर भी चोट के निशान मिले हैं। अंदाजा लगाया जा रहा है कि रेप के बाद गला दबाकर युवती की हत्या की गई है। युवती का शव खेत में मिलने के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और लगभग एक घंटे तक एनएच-75 रांची-डालटनगंज मुख्य पथ को जाम कर दिया। हत्यारे को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। कहा कि हत्यारों को फांसी की सजा दी जाए। बाद में थाना प्रभारी सतीश गोराई, बीडीओ विष्णुदेव कच्छप, सीओ शंकर विद्यार्थी ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।

कहा था-बड़ी मां के घर जा रही
परिजनों का कहना है कि पहली जनवरी को मृतका घर से अपनी बड़ी मां के घर ब्रांबे जाने की बात कहकर घर से निकली थी। बाद में उसने अपनी सहेली से घर पर फोन करवाया कि वह उसके साथ है और रात में घर नहीं आएगी। जबकि, लड़की के पास भी मोबाइल था, लेकिन उसका मोबाइल बंद था। घरवालों ने कई बार उसके फोन पर बात करना चाहा पर बात नहीं हो सकी।

खेत में पड़ा मिला शव
बुधवार की सुबह कुछ लोगों ने खेत में पड़े लड़की के शव को देखा। इसके बाद अन्य लोगों को इसकी सूचना दी। खेत में शव की सूचना गांव में फैल गई। देखते-देखते वहां पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में किसी ने इसकी सूचना मांडर पुलिस को दी। इस बीच लड़की के परिजन भी वहां पहुंच गए थे। उन्होंने शव की पहचान की। पुलिस अधिकारी भी सदल-बल पहुंचे और घटनास्थल की जांच की।

रोड पर वाहनों की लगी कतार
हत्या के विरोध में स्थानीय लोगों ने मुड़मा चौक के निकट जाम लगा दिया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। जाम में फंसे लोग काफी परेशान देखे गए। जाम काफी दूर तक लगा था।

विधायक ने दी सांत्वना
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय विधायक गंगोत्री कुजूर भी ब्रांबे पहुंची और परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने मृतका के परिजनों को 10 हजार रुपए नगद सहायता राशि दी। गंगोत्री कुजूर ने कहा कि नए साल में इस प्रकार की घटना दुखद है। कानून अपना काम करेगा। अपराधी जो भी होगा पुलिस उसे गिरफ्तार कर सजा दिलाएगी।

मृतका के साथ दुष्कर्म हुआ या नहीं, अभी कहा नहीं जा सकता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। युवती की हत्या में जिसकी भी संलिप्तता होगी उसे पुलिस बहुत जल्द गिरफ्तार कर लेगी.
पुरुषोत्तम सिंह, खलारी डीएसपी।