- डोर-टू-डोर जाकर किया जाएगा कूड़ा कलेक्शन

- 2.5 लाख घरों से होगा कूड़ा कलेक्शन

- डस्टबिन वितरण योजना में हो रही देरी

एक्सक्लूसिव

मितेंद्र गुप्ता

मेरठ। शहर की जनता के लिए खुशखबरी है। अब जल्द ही उनके घरों से कूड़ा उठाने के लिए नगर निगम के कर्मी आएंगे। नगर निगम ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। जल्द ही कंपनी से अनुबंध कर डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का काम शुरू हो जाएगा। इस सप्ताह कंपनी से नगर निगम अनुबंध कर लेगा।

झांसी की कंपनी करेगी कलेक्शन

झांसी की कंपनी डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करेगी। दो माह पहले कंपनी से नगर निगम में प्रजेंटेशन भी दिया था। लेकिन डस्टबिन वितरण से बाद ही कूड़ा कलेक्शन शुरू करने की योजना नगर निगम ने बनाई थी। लेकिन नगर निगम ने अब अपनी योजना में परिवर्तन किया है।

2.5 लाख घरों से होगा कलेक्शन

झांसी की कंपनी शहर के ढाई लाख घरों से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करेगा। इसके लिए कंपनी से अभी अनुबंध की शर्ते तैयार की जा रही है। कंपनी कितना पैसा लेगी और नगर निगम को कितना साधन उपलब्ध कराना होगा। इसको लेकर अभी कंपनी के अधिकारियों से बातचीत की जा रही है।

उपलब्ध नहीं हैं डस्टबिन

नगर निगम को ढाई लाख घरों तक डस्टबिन वितरण के लिए पांच लाख डस्टबिन की जरूरत है। क्योंकि नगर निगम हर घर में दो डस्टबिन देगा। लेकिन सरकारी पोर्टल पर अभी पांच लाख डस्टबिन उपलब्ध नहीं है। वहीं दूसरी ओर पहले नगर निगम ने कंपनी से डस्टबिन लेने की योजना बनाई थी। इसके लिए दिल्ली की एक कंपनी से बातचीत भी की गई थी। लेकिन डस्टबिन महंगे होने के कारण नगर निगम ने सरकारी पोर्टल से ही डस्टबिन खरीदने की योजना बनाई। यही कारण है कि नगर निगम ने पहले डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की योजना बनाई है।

सीटी बजाकर उठेगा कूड़ा

कूड़ा डालने के लिए लोगों को कुछ नहीं करना है। बस जब सीटी की आवाज आए तो अपने घर को कूड़ा उनको दे देना है। कंपनी के कर्मचारी घरों पर कूड़ा उठाने से पहले सीटी बजाएंगे। उसके बाद लोगों को अपना घर का कूड़ा उसको देना है।

डस्टबिन वितरण के लिए अभी सरकारी पोर्टल पर उपलब्ध नहीं है। इसीलिए पहले डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का काम शुरू कर रहे हैं। जब डस्टबिन आ जाएंगे। तब उनको वितरित किया जाएगा।

मनोज कुमार चौहान नगर आयुक्त