-स्कूलों में यदि शादी समारोह हुआ तो नगर निगम जुर्माना के साथ वसूलेगा टैक्स

-स्कूलों के व्यवसायिक इस्तेमाल होने व सड़कों पर पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई

आइस्क्रीम पार्लरों पर अलग से लगाए जाएंगे टैक्स
Gorakhpur@inext.co.in
GORAKHPUR: शहर के प्राइवेट स्कूलों में यदि शादी समारोह होता है तो नगर निगम अलग से जुर्माना के साथ टैक्स वसूलेगा। इसकी दरें जल्द ही तय कर ली जाएंगी। साथ ही स्कूलों का व्यवसायिक इस्तेमाल होने व सड़क पर पार्किंग करने वालों पर बड़े पैमाने पर कार्रवाई भी की जाएगी। नगर निगम इसके लिए प्रपोजल तैयार कर रहा है। इस प्रपोजल के माध्यम से स्कूलों के मामले भी शामिल किए जा रहे हैं।

नगर निगम कसेगा शिकंजा
नगर निगम अब प्राइवेट स्कूलों पर शिकंजा कसने के मूड में हैं। इसलिए अब आने वाले कार्यकारणी की मीटिंग में इस मसले को रखा जाएगा और उस पर चर्चा की जाएगी। साथ ही स्कूलों और आइस्क्रीम कंपनियों के पार्लरों पर भी सफाई टैक्स लगाने की तैयारी चल रही है। शहर के महत्वपूर्ण चौराहे पर आइस्क्रीम के ठेले खड़े रहते हैं। इससे काफी गंदगी होती है। इसकी सफाई के लिए नगर निगम के काफी संख्या में कर्मचारी व गाडि़यां लगानी पड़ती है। जिस पर नगर निगम को सफाई के मद में लाखों रुपये खर्च करने पड़ते हैं। इससे आर्थिक क्षति भी होती है। सिर्फ इतना ही नहीं स्कूल में शादी समारोह व सड़क पर पार्किंग करने वालों से भी जुर्माना वसूल करेगी।

साथ ही टैक्स भी वसूला जाएगा
अधिकांश स्कूलों में शादी समारोह होते हैं। इसकी वजह से आस पास क्षेत्र में गंदगी होती है। मगर इसकी सफाई स्कूल के जिम्मेदारों की ओर से नहीं की जाती है। साथ ही सड़क पर ही पार्किंग बना देते हैं। इसके अलावा आइस्क्रीम के ठेले खड़े रहते हैं। जिससे गंदगी होती है। ऐसे लोगों पर जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही टैक्स भी वसूला जाएगा।
प्रेम प्रकाश सिंह नगर आयुक्त