- सिकरीगंज एरिया में रिश्तेदार की बेटी संग की थी ज्यादती

- पुलिस ने किया गिरफ्तार लेकिन खूब दिखाई दरियादिली

GORAKHPUR: महिलाओं संग होने वाली वारदातों को लेकर सीनियर पुलिस अफसर भले संजीदा हुए हैं लेकिन मातहतों पर इस बात का कोई असर नहीं पड़ रहा। सिकरीगंज एरिया में रिश्तेदार की आठ साल की बेटी संग रेप करने के आरोपी की खातिरदारी में पुलिस जुटी रही। मंगलवार को अरेस्ट आरोपित को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश किया। इसके पूर्व प्रेस कॉन्फ्रेंस करके एसपी साउथ विपुल कुमार श्रीवास्तव ने गिरफ्तारी की अधिकारिक जानकारी दी। इस दौरान पुलिस कस्टडी में मौजूद आरोपित के चेहरे पर पुलिस-कानून का कोई खौफ नजर नहीं आया। न ही उसे घटना को लेकर कोई मलाल था। अलबत्ता वह पुलिस कस्टडी में अपनी शान बघारता रहा।

रिश्तेदार की बेटी को बनाया था शिकार

मऊ जिले के मोहम्मदाबाद, सरकंडा निवासी जाकिर की रिश्तेदारी सिकरीगंज एरिया में है। वह क्षेत्र में मोपेड से घूमकर बिसाता की दुकान लगाता है। शनिवार की रात उसने अपने रिश्तेदारी की आठ साल की बेटी संग रेप किया। मां के पास सो रही बेटी को उठाकर अपने कमरे में ले गया। हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसके साथ रेप किया। रविवार की सुबह जब बच्ची की मां जगी तो उसे बिस्तर पर ना पाकर खोजने लगी। गंभीर हाल बेटी को रिश्तेदार के कमरे में पाया। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया था। मंगलवार को उसकी लोकेशन सिकरीगंज एरिया के पिपरी तिराहे पर मिली। पुलिस टीम ने उसे अरेस्ट कर लिया।

हिरासत में दिखाता रहा ढिठाई, ताकती रही पुलिस टीम

मासूम संग रेप के आरोप में पकड़े गए जाकिर को अपने किए पर कोई पछतावा नहीं हो रहा था। पुलिस हिरासत में वह ढिठाई करता रहा। उसने कहा कि जो होना था वह हो गया। इस दौरान ऐसा लगा कि वह कानून और पुलिस व्यवस्था का मजाक बना रहा है। उसके लिए किसी बच्ची संग रेप की घटना कोई गंभीर बात नहीं है। सिकरीगंज थानेदार सहित अन्य पुलिस कर्मचारियों के सामने वह एक सामान्य मामले के अभियुक्त की तरह हरकतें करता रहा। उसे देखकर लोग यह कहते रहे कि पुलिस कुछ ज्यादा ही मेहरबानी दिखा रही है। इसलिए ऐसे कृत्य करने वालों को कोई फर्क नहीं पड़ रहा।

जून माह में छह हुई ज्यादती की शिकार

जिले में मासूम बच्चियों संग रेप की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। 25 जून तक दरिंदों ने छह बेटियों को शिकार बनाया है। उनकी ज्यादती की शिकार बच्चियों का अलग-अलग जगहों पर उपचार चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में एक माह के भीतर चार्जशीट फाइल कर दी जाएगी। आरोपियों को सजा दिलाने के लिए कोर्ट में पुलिस पैरवी करेगी। लेकिन बुधवार को सिकरीगंज की घटना में गिरफ्तार आरोपी जाकिर संग पुलिस के व्यवहार से ऐसा लगा कि सिर्फ कहने के लिए अफसर सख्ती की बात कर रहे हैं। जमीनी हकीकत काफी दूर है।

हाल में हुईं प्रमुख घटनाएं

24 जून 2019: गगहा एरिया में एक युवक ने अपनी बहन की ननद संग रेप किया। कमरे में सो रही किशोरी के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसके साथ ज्यादती की।

23 जून 2019: सिकरीगंज एरिया के एक मोहल्ले में आठ साल की मासूम संग दूर के रिश्तेदार ने हाथ-पांव बांधकर रेप किया। अचेत हाल में छोड़कर फरार हुआ।

17 जून 2019: चिलुआताल एरिया के फर्टिलाइजर के निर्माण कार्य में वाहन चलाने वाले ड्राइवर ने 10 साल की बच्ची संग रेप किया। पब्लिक ने उसे पकड़कर खूब धुना।

14 जून 2019: सिकरीगंज एरिया में सात साल की मासूम से रेप, मर्डर से सनसनी फैली, आरोपी गिरफ्तार।

13 जून 2019: गगहा एरिया में किशोरी संग पांच युवकों ने रेप किया। पहले समझौते का प्रयास हुआ। बाद में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली।

8 जून 2019: झंगहा एरिया में एक दुकानदार ने टॉफी दिलाने के बहाने पांच साल की बच्ची संग बदसलूकी की। बच्ची की मां की सूचना पर पुलिस ने अरेस्ट किया।

वर्जन

घटना में शामिल आरोपित को अरेस्ट कर लिया गया है। वह पीडि़त परिवार की रिश्तेदारी का है। उसके खिलाफ रेप, पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थीं। इस मामले में जल्द से जल्द चार्जशीट पूरी कर ली जाएगी।

- विपुल कुमार श्रीवास्तव, एसपी साउथ