PATNA: हार्डकोर नक्सली कमांडर सुबोध कुमार सिंह पिछले कई दिनों से नाम बदलकर पटना में रह रहा था। राजधानी के कंकड़बाग इलाके को इसने अपना ठिकाना बना रखा था। पहचान बदलकर हार्डकोर नक्सली ने भोजपुर कॉलोनी के रहने वाले शैलेंद्र कुमार द्विवेदी के मकान में किराए पर रह रहा था। झारखंड की पुलिस टीम लगातार इस नक्सली को ट्रेस करने में जुटी थी।

छापेमारी करके पुलिस ने पकड़ा

झारखंड पुलिस के पास पक्की खबर थी कि सुबोध कुमार सिंह पटना में रह कर अपना इलाज करवा रहा है। इसके बाद ही पटना के एसएसपी मनु महाराज से कांटैक्ट किया। इसके बाद पटना पुलिस के साथ मिलकर झारखंड पुलिस की टीम ने कंकड़बाग के भोजपुर कॉलोनी में छापेमारी की। हार्डकोर नक्सली सुबोध कुमार सिंह को अरेस्ट कर लिया। इस नक्सली को पकड़ने के लिए झारखंड के गढ़वा और लातेहार जिले से पुलिस टीम आई थी।

मुठभेड़ के बाद भाग गया था

11 मई को झारखंड के चाइबासा के गोलतेरा इलाके में पुलिस की नक्सलियों के साथ भिड़ंत हुई थी। पुलिस की जबरदस्त जवाबी कार्रवाई के कारण नक्सली सुबोध कुमार सिंह उर्फ देवेन्द्र भागने लगा था। भागने के क्रम में ही वो पहाड़ से गिर गया था। बीते कई दिनों से नक्सली हड्डी का इलाज करवा रहा था। अक्टूबर साल 2009 की बात है। उस वक्त विनीत विनायक पटना के एसएसपी थे और मनु महाराज पटना के सिटी एसपी। तभी गुप्त सूचना के आधार पर मनु महाराज ने अगमकुआं थाना के तहत छापेमारी की थी। नक्सली सुबोध को पकड़ा था।