एक लाख 20 हजार रूपये देने का किया था दावा

प्रदेश से शिक्षा विभाग को भेजने थे सात करोड़ रुपये

Meerut। गत दिनों केरल में आई बाढ़ आपदा से पीडि़त लोगों के लिए जहां पूरा देश मदद भेज रहा है। वहीं मेरठ का बेसिक शिक्षा विभाग इसमें फिसड्डी साबित हुआ है। बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से दी जाने वाली करीब सात करोड़ रूपये की राशि में मेरठ की ओर से अभी तक एक भी रुपये का सहयोग नहीं दिया जा सका हैं। इसका खुलासा परिषद की ओर जारी सभी 75 जिलों की लिस्ट में हुआ है। सूची के मुताबिक मेरठ समेत 60 जिलों की ओर से मदद नहीं भेजी गई है। हालांकि सिर्फ 15 जिलों ने ही सहयोग राशि दी है।

1.20 लाख का दावा

बेसिक शिक्षा परिषद ने केरल बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए करीब सात करोड़ रूपये देने का प्रस्ताव सभी जिलों के बेसिक शिक्षा विभाग के समक्ष रखा था। साथ ही यह भी निर्देश दिए थे कि सभी अधिकारी और कर्मचारियों स्वेच्छा से एक दिन का वेतन सहयोग राशि में दें। जिसके बाद सभी जिलों की ओर से प्रस्तावित देय राशि कुल मिलाकर सात करोड़ 43 लाख पांच हजार रूपये तय की गई थी। मेरठ जनपद से एक लाख 20 हजार रुपये देने का दावा किया गया था। यह राशि 5 सितंबर तक दी जानी थी लेकिन प्रदेश भर के मात्र 15 जिलों ने ही इसमें सहयोग दिया। जिसके चलते परिषद सिर्फ तीन करोड़ 22 लाख 84 हजार 438 रूपये का सहयोग ही कर पाया है।

इन जिलों ने भेजी मदद

मुज्जफरनगर - 250000

सहारनपुर - 350100

बुलंदशहर- 2300500

कानपुर नगर - 7053000

मैनपुरी- 6046051

आगरा- 5906187

अलीगढ़- 2526000

हमारी ओर से ड्राफ्ट भेजने में थोड़ा विलंब हो गया है। राशि एकत्र कर ली गई है। इसे जल्द ही डीएम कार्यालय के माध्यम से भेज दिया जाएगा।

डॉ। सूर्यकांत गिरि, एबीएसए, मेरठ