हिन्दुस्तानी एकेडेमी की ओर से उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र में नाटक 'शबरी की प्रतीक्षा' का हुआ मंचन

ALLAHABAD: हिन्दुस्तानी एकेडेमी की ओर से शनिवार को उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के सभागार में नाटक 'शबरी की प्रतीक्षा' का मंचन किया गया। मुख्य अतिथि उप्र राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो। केएन सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर समारोह का शुभारंभ किया। नाट्य प्रस्तुति समन्वय रंगमंडल संस्था के कलाकारों ने की। कलाकारों ने प्रस्तुति के जरिए भील जाति में पैदा हुई श्रमणा के शबरी बनने की दास्तान का बखूबी जीवंत मंचन कर उपस्थित दर्शकों को उनके समर्पण व त्याग के बारे में सोचने पर विवश कर दिया।

रामकथा के प्रत्येक प्रसंग का होगा मंचन

नाट्य मंचन से पहले एकेडेमी के अध्यक्ष डॉ। उदय प्रताप सिंह ने कहा कि एकेडेमी द्वारा लगातार हिन्दी की सांस्कृतिक व साहित्यिक संस्थाओं के जरिए रामकथा के विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। जिससे कि आम जनमानस तक प्रभु श्रीराम के आदर्शो को पहुंचाया जा सके। सचिव रवीन्द्र कुमार ने मुख्य अतिथि व कलाकारों का स्वागत किया। संचालन कोषाध्यक्ष रविनंदन सिंह का रहा। इस मौके पर समन्वय की अध्यक्ष सुषमा शर्मा, प्रो। वाईपी सिंह, डॉ। शांति चौधरी, डॉ। अनुपम आनंद, रतन पांडेय, संतोष तिवारी आदि मौजूद रहे।