आगरा। विदेशी बाला से इश्क फरमाना और अपनी पत्नी पर शक करना पति को उस वक्त भारी पड़ गया जब, वह अपने ऊपर लगे आरोपों पर सफाई देने के लिए प्रेस कांफ्रेंस कर रहा था। उसी दौरान पत्नी ने प्रेस कांफ्रेंस स्थल पर पहुंचकर हंगामा खड़ा कर दिया। चप्पलों को हाथ में उठा लिया और जमकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। रेस्टोरेंट में लगभग एक घंटे तक चले यह फैमिली ड्रामा देख हर कोई सन्न रह गया।

रेस्टोरेंट चलाता है पति

दरअसल, रोहता निवासी महिला का पति खंदारी में रेस्टोरेंट चलाता है। पत्नी का आरोप था कि खंदारी रोड पर एक संस्थान में अध्ययनरत विदेशी बाला से उसके पति के संबंध हैं। वह उसे गोवा भी घुमाने ले गया। पत्नी के इस आरोप की सफाई देने के लिए पति ने सोमवार को संजय प्लेस स्थित एक रेस्टोरेंट में प्रेस कांफ्रेंस रखी। वह मीडिया को अपनी सफाई दे ही रहा था कि तभी दो बजे अचानक पत्नी आ धमकी। उसने पति और सास पर चप्पल उठा ली। उसने पति पर आरोप लगाना शुरु कर दिए। उस दौरान पति के साथ उसकी मां और भाई भी थे। उसके साथ छोटी बहन और दो बच्चे भी थे। महिला ने गोवा के होटल का बिल दिखाते हुए पति पर विदेशी युवती से अवैध संबंधों का आरोप लगाया। बिल में पत्नी के स्थान पर विदेशी युवती का नाम लिखा हुआ था। होटल का कुछ सामान भी उसने दिखाया।

बिना तलाक दिए की शादी

इस दौरान पति की पहली शादी की बात उजागर हुई। पति ने पहली पत्नी को तलाक दिए बिना ही दूसरी शादी की। दोनों की जातियों में अंदर था। पति का कहना था कि दूसरी पत्नी शादी से पहले प्रिग्नेंट हो गई थी। वह शादी का दबाव बना रही थी। लिहाजा उसने दबाव में आकर शादी की। जबकि पहली पत्नी से मामला कोर्ट में चल रहा था। इस पर पत्नी कहना था कि वह झूठ बोल रहा है। वह उसकी पहली पत्नी से मुलाकात करेगी।

मां के साथ भेजा था घर

जबकि पति का कहना था कि उसने पत्नी को अपनी मां के साथ 1 जनवरी को घर भेजा था। पत्नी किसी से फोन पर बात करती रहती थी। इस बात को लेकर विवाद था। वह फरीदाबाद गया था। आरोप है कि उस दौरान पत्नी ने मां की अलमारी का लॉक तोड़ दिया। कैश और जेवर ले लिए। मंगलवार को जब वह घर गया तो उसे आने नहीं दिया। उस दौरान पत्नी ने सास पर भी मारपीट के आरोप लगाए। जबकि सास ने उल्टा मारपीट का आरोप लगाया। पत्नी का कहना कॉलोनी के लोग उसके साथ हैं। पति की हरकत के बारे में कॉलोनी के लोग जानते हैं।

अपना हक मांग रही पत्नी

पति ने पत्नी पर तीस लाख रुपए मांगने का आरोप लगाया। पत्नी का कहना था कि उसके दो छोटे बच्चे हैं। पति उन्हें खर्चा नहीं दे रहा है। पति विदेशी महिला पर रुपया खर्च कर रहा है। महिला पति ने अलग नहीं होना चाहती, वह उससे खर्चा मांग रही है।

ट्वीटर पर किया था ट्वीट

कुछ दिन पहले पीडि़ता ने ट्वीटर पर एम्बेसी से मदद की गुहार लगाई। उसका कहना था कि पुलिस उसके मामले की सुनवाई नहीं कर रही है। ट्वीट के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया था। रेस्टोरेंट में एक घंटे तक ड्रामा चलता रहा। इसके बाद किसी तरह दोनों पक्ष शांत हुए और वहां से गए।