एमओडी ने अभी नहीं लिया निर्णय, आज लखनऊ में होगी मीटिंग

ALLAHABAD: कुंभ मेला के दौरान संगम नगरी इलाहाबाद को पूरे विश्व से जोड़ने के लिए एक नए एयरपोर्ट इलाहाबाद सिविल एन्क्लेव का निर्माण चल रहा है। वहां से 14 फ्लाइटों की उड़ान शुरू करने की तैयारी है। निर्माण 75 परसेंट पूरा भी हो चुका है। 15 नवंबर से बंगलूरू और 30 नवंबर से कोलकाता व रायपुर के लिए उड़ान की तैयारी है। लेकिन सिविल एन्क्लेव तक पहुंचने में सबसे बड़ी अड़चन बन चुके बेगम बाजार आरओबी का फैसला अभी तक नहीं हो सका है। अगर मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस ने आरओबी निर्माण पर हरी-झंडी नहीं दी तो फिर लोग सिविल एन्क्लेव तक कैसे पहुंचेंगे। इस मुद्दे पर निर्णय व चर्चा के लिए मंगलवार को लखनऊ में मीटिंग बुलाई गई है। मीटिंग में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, रेलवे, एयरफोर्स व शासन के अधिकारी मौजूद रहेंगे।

25 परसेंट ही बचा है काम

कुंभ मेला 2019 के लिए इलाहाबाद में तैयार हो रहा सिविल एन्क्लेव देश का यूनिक एयरपोर्ट होगा, जो एक वर्ष के अंदर तैयार हो जाएगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया का दावा है कि सिविल एन्क्लेव का निर्माण नवंबर फ‌र्स्ट वीक में पूरा हो जाएगा। 75 परसेंट से अधिक वर्क पूरा हो चुका है।

सिविल एन्क्लेव का निर्माण तो अब फाइनल दौर में पहुंच गया है। लेकिन बेगम बाजार आरओबी निर्माण पर भारतीय वायु सेना द्वारा लगाई गई आपत्ति के बाद फैसला नहीं हो सका है। मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस को अब इस मुद्दे पर निर्णय लेना है। बेगम बाजार आरओबी का 80 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। 20 प्रतिशत काम बचा है। ऐसे में सवाल उठता है कि नवंबर में सिविल एन्क्लेव से उड़ान शुरू होगी तो फिर पब्लिक एयरपोर्ट कैसे पहुंचेगी।

सिविल लाइंस से सिविल एन्क्लेव का रास्ता

- सिविल लाइंस से हाईकोर्ट आरओबी होते हुए चौफटका

- चौफटका से मुंडेरा

- मुंडेरा से आगे बढ़ते हुए सेंट्रल एयर कमांड बमरौली स्टेशन पहुंचेंगे

- बमरौली चौकी से लेफ्ट तरफ भगवतपुर रोड के लिए मुड़ना होगा

- आगे बढ़ने पर एसपी बालिका इंटर कॉलेज से निर्माणाधीन बेगम बाजार आरओबी शुरू हो जाएगा

- आरओबी क्रास करने के बाद थोड़ी दूर जाने पर सिविल एन्क्लेव सामने होगा।

पुराने शहर से झलवा होकर रास्ता

पुराने शहर से सिविल एन्क्लेव पहुंचने का रास्ता अलग है। हिम्मतगंज, करबला, राजरूपपुर, झलवा होते हुए सिविल एन्क्लेव पहुंचा जा सकता है। लेकिन मुख्य रास्ता भगवतपुर मोड़ होते हुए माना जा रहा है।

- 15 नवंबर से इलाहाबाद से बंगलूरू के लिए इंडिगो की फ्लाइट शुरू हो जाएगी

- 30 नवंबर से इंडिगो कोलकाता और रायपुर के लिए फ्लाइट शुरू करेगा

- इंडिगो इलाहाबाद से बंगलूरू, मुंबई, रायपुर, कोलकाता, पूणे, देहरादून, भोपाल और गोरखपुर के लिए उड़ान शुरू करने की तैयारी है।

सिविल एन्क्लेव तक पहुंचने के लिए बेगम बाजार आरओबी का निर्माण जरूरी है। अभी इस मुद्दे पर फैसला न होना चिंता की बात है। पंद्रह नवंबर से सिविल एन्क्लेव से इंडिगो द्वारा बंगलूरू के लिए फ्लाइट शुरू करने की तैयारी है। मंगलवार को लखनऊ में मीटिंग होनी है।

सुनील यादव

डायरेक्टर, इलाहाबाद एयरपोर्ट

सिविल एन्क्लेव तक पहुंचने के लिए दो रास्ते जरूर हैं, लेकिन भगवतपुर और बेगमबाजार आरओबी होते हुए सिविल एन्क्लेव जाने वाला रास्ता मुख्य मार्ग है। इसे पूरा करना बेहद जरूरी है। सिविल एन्क्लेव को एनएच-2 से कनेक्ट करने के लिए ही बेगमबाजार आरओबी का निर्माण शुरू हुआ था। इसे जरूर पूरा होना चाहिए।

सलमान हसन

प्रधान प्रतिनिधि, बमरौली