-केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा चल रही है प्रक्रिया

-बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर में किया दर्शन-पूजन

VARANASI

केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय शनिवार को बनारस पहुंचे। उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। 25 मिनट तक षोडशोपचार पूजन विधि-विधान से किया। इसके बाद मुगलसराय में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए एचआरडी मिनिस्टर ने कहा कि जब भी बनारस आता हूं बाबा विश्वनाथ के दर्शन करता हूं। बाबा से देश की शांति और तरक्की के लिए प्रार्थना की। बीएचयू में वीसी की नियुक्ति के सवाल पर बोले कि इस बाबत प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही नियुक्ति की जाएगी। यूनिवर्सिटी में नियुक्ति में धांधली के आरोप पर बोले कि इस बारे में उन्हें कोई जानकारी अभी तक नहीं मिली है।

बजट में सबका हित का ध्यान

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ। महेंद्र नाथ पांडेय ने आने वाले आम बजट पर भी बयान दिया। कहा कि बजट युवाओं, किसानों और व्यापारियों के हित में रहने वाला है क्योंकि सरकार सभी को ध्यान में रखकर काम कर रही है। कासगंज में चल रही हिंसा के बाबत सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस हिंसा मामले में प्रदेश सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। केन्द्रीय मंत्री और बीजेपी प्रदेश ने अध्यक्ष मुगलसराय में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। प्रकाश जावडेकर शाम को दिल्ली लौट गये।