jamshedpur@inext.co.in
JAMSHEDPUR : ग्रेजुएट कॉलेज में बीएड नामांकन में हुई अनियमितता उजागर होने के बाद नामांकन रद होने से सोमवार को कॉलेज में जमकर हंगामा हुआ। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ( एबीवीपी ) व झारखंड छात्र मोर्चा समर्थित छात्राओं के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट में आपसी मर्यादा तक का ख्याल नहीं रखा गया। गिरा-पड़ा कर छात्राओं ने एक दूसरे को पीटा। लात-घूसे तक चले। सिर्फ यहीं नहीं एक छात्रा का कपड़ा तक फाड़ डाला गया। यह साकची महिला थाना के पेट्रोलिंग वाहन की मौजूदगी में होता रहा। बदहवास छात्रा बाद में किसी तरह अपनी आबरू बचाई।

दर्जनों स्टूडेंट्स घायल

इस घटना में झारखंड छात्र मोर्चा व अभाविप की दर्जन भर छात्राएं घायल हुई। बाद में साकची पुलिस दोनों पक्षों को थाना लेकर गई। डेढ़ घंटे की बातचीत के बाद थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। इससे पूर्व ग्रेजुएट कॉलेज में बीएड में नामांकन रद होने के मामले को लेकर छात्राओं की ओर से धरना प्रदर्शन का कार्यक्रम शुरू हुआ। इसका समर्थन एनएसयूआई, झारखंड छात्र मोर्चा और एआईडीएसओ कार्यकर्ताओं ने किया। इस धरना-प्रदर्शन के बीच ही छात्राओं के बीच बाता-बाती हुई और बात मारपीट तक पहुंच गई।

ये छात्राएं हुईं घायल

झारखंड छात्र मोर्चा : खुशबू लामा, कृतिका सिंह, सोनी कुमारी, निम्मी

एनएसयूआई : रोज तिर्की, एआइडीएसओ : रकी वंश्यिार

झारखंड छात्र मोर्चा : लात मारने के बाद बढ़ा बवाल

ग्रेजुएट कॉलेज में मारपीट के मामले में झारखंड छात्र मोर्चा की नेत्री सह ग्रेजुएट कॉलेज की पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष खुशबू लामा ने कहा कि अभाविप समर्थित छात्र नमिता पाठक द्वारा कृतिका सिंह को लात मारने के बाद बवाल बढ़ा। वर्तमान में कृतिका सिंह कॉलेज छात्र संघ की अध्यक्ष है। ऐसे में कोई अगर इस तरह की हरकत करता है तो छात्राएं चुप नहीं बैठेगी। मारपीट पूर्व नियोजित था। अभाविप ने इसके लिए पूर्व से ही तैयारी कर रखी थी।

एबीवीपी : अपशब्दों के इस्तेमाल से बिगड़ी बात

ग्रेजुएट कॉलेज में मारपीट झारखंड छात्र मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा अपशब्द का इस्तेमाल करने के बाद बात बिगड़ी। यह बात अभाविप महानगर कमेटी की विस्तारिका सह ग्रेजुएट कॉलेज की छात्रा मौसमी जेना ने कहा कि वे लोग वीमेंस कॉलेज से लौट रहे थे। लौटने के बाद वे लोग कॉलेज गेट से घुस रहे थे, इसी क्रम में मोर्चा कार्यकर्ताओं और मोर्चा समर्थित छात्राओं द्वारा अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद आपस में ही छात्राएं उलझ गई।