RANCHI: डोरंडा शिव मंदिर में मंगलवार को आदर्श विवाह का आयोजन कर सामाजिक सरोकार को पूरा किया गया। श्रीलक्ष्मी नाथ ट्रस्ट सेवा समिति की ओर से शिव मंदिर में दो जोड़ों का आदर्श विवाह कराया गया। समिति के इस विवाह विवाह आयोजन में नीलिमा कुजूर की शादी राजेंद्र मिंज से और मुस्कान की शादी रोहित कुमार से कराई गई। पंडित आशुतोष मिश्रा ने मंत्रोच्चारण और विवाह की रस्मों को पूरा करते यह शादी कराई।

गरीबों की उम्मीद है श्रीलक्ष्मी नाथ ट्रस्ट सेवा समिति

समिति के अशोक सिंह ने बताया कि, समिति की ओर से हर साल आर्थिक रूप से गरीब और असहाय अभिभावक के बच्चों की शादी कराई जाती है। इन दोनों जोड़ों की शादी पहले ही तय हो गई थी, लेकिन सिर्फ पैसे की कमी की वजह से शादी का आयोजन नहीं हो पा रहा था। दोनों जोड़ों के अभिभावकों ने समिति से संपर्क किया, इसके बाद शादी का आयोजन कराया गया। विवाह के साथ लड़के और लड़की को समिति की ओर से घरेलू सहित अन्य जरूरी सामान भी भेंट किए गए। साथ ही विवाह का खर्च भी समिति की ओर से उठाया गया।

मौके पर पांच सौ लोगों ने शिरकत कर दोनों जोड़ो को शुभकामनाएं दी। आदर्श विवाह के आयोजन में समिति के पूर्व मंत्री लाल जी राम शारदा, हरि प्रसाद विजय, सरदार अशोक सिंह, पुरुषोत्तम दास, जय नारायण विजय और अन्य लोग शामिल हुए।

रश्मि अवस्थी ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल की नई प्रिंसिपल

प्रगति पथ स्थित ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में मंगलवार को बतौर प्रिंसिपल रश्मि अवस्थी ने पदभार ग्रहण किया। इसके पूर्व रश्मि अवस्थी हिसार के वीपी जिंदल इंटरनेशनल आवासीय विद्यालय में प्रिंसिपल के रूप में कार्यरत थीं।

रश्मि अवस्थी का परिचय

रश्मि अवस्थी ने छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर से रासायन शास्त्र में स्नातकोत्तर किया है। इसके बाद इन्होंने कोरबा के डीपीएस ब्वॉयज में वरिष्ठ शिक्षक और कार्यवाहक प्रिंसिपल के रूप में भी योगदान दिया है।